Bagaha News: किसान को घसीट कर ले जा रहा था बाघ,लोगों ने मचाया शोर
Bagaha News: शनिवार को भेड़िहारी बंगाली कॉलोनी में विजय हलदार जब अपने खेत में धान की सोहनी कर रहे थे, तब एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। बाघ ने उनकी गर्दन दबोचकर जंगल की ओर खींच लिया। आसपास के किसानों ने शोर मचाया, जिससे बाघ ने विजय को छोड़ दिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

Bagaha News: हरनाटाड़/वाल्मीकिनगर, एस/एप्र। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की सुबह भेड़िहारी बंगाली कॉलोनी निवासी विजय हलदार अपने खेत में धान की सोहनी कर रहे थे। इसी दौरान जंगल से निकल सरेह में छिपे बाघ ने पीछे से उनपर हमला बोल दिया। उनकी गर्दन को दबोच लिया। उन्हें खींचकर जंगल की ओर ले जाने लगा। आसपास के खेतों में काम कर रहें रासबिहारी वर्मा, वीरेन हलदार समेत अन्य किसान जब कुछ देर तक विजय को नहीं देखा। इसपर उन्हें पुकारना शुरू किया, लेकिन कहीं कोई आवाज नहीं आई। तब उनलोगों ने खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान देखा कि बाघ विजय की गर्दन दबोचकर घसीटते सरेह के रास्ते जंगल की ओर लेकर जा रहा है।
उनलोगों ने हो-हल्ला व शोरगुल करना शुरू किया। इसके साथ ही समूह में बाघ की ओर दौड़े। भीड़ की शोर-गुल पर बाघ ने किसान को छोड़ दिया और जंगल में भाग निकला। लोग विजय के पास पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


