
सहोदरा में बाघ ने दो बकरियों को मारा
नरकटियागंज के लक्ष्मीपुर गांव में एक बाघ ने बगीचे में दो बकरियों का शिकार किया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बाघ ने हमला करते समय आसमा खातून किसी तरह भाग निकली। वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
नरकटियागंज/जमुनिया, हिंस/एसं। सहोदरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के सरेह में स्थित बगीचे में बाघ ने दो बकरियों का शिकार किया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर निवासी तुजानी मियां की पत्नी आसमा खातून बनबैरिया सरेह स्थित बगीचे में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान बाघ ने हमला कर दिया और एक-एक कर दो बकरियों को मार डाला। आसमा खातून किसी तरह वहां से गिरते-पड़ते भागी। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। वहां लोग जुटे और शोर मचाया तब बाघ दहाड़ता हुआ खेतों की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम पहुंची।
फॉरेस्टर रूपा सिन्हा ने बताया कि घटनास्थल पर तत्काल टीटी और पीटी की टीम को भेजा गया है, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सतर्क रहें, अकेले जंगल या बगीचे की ओर न जाएं। किसी भी संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। गौरतलब है कि उक्त बगीचा गांव से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जबकि वहां से जंगल की दूरी करीब चार किलोमीटर है। ऐसे में माना जा रहा है कि बकरियों का शिकार करने वाला बाघ गांव के आसपास स्थित खेतों में छिपा हुआ है। इसको लेकर ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ गई है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बाघ की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। शीघ्र ही उसे जंगल में भेजने के लिए कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त बगीचा के एक तरफ लक्ष्मीपुर तो दूसरी ओर वन बैरिया गांव है। इसको लेकर दोनों गांवों के लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




