ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बगहाबेतिया के कुमारबाग में निर्माणाधीन आश्रय भवन की छत गिरी

बेतिया के कुमारबाग में निर्माणाधीन आश्रय भवन की छत गिरी

चनपटिया की उत्तरी घोघा पंचायत के बड़का गांव परसौना में निर्माणाधीन आश्रय गृह की छत का एक हिस्सा रविवार को भरभरा कर गिर गया। एक दिन पूर्व ही इसकी ढलाई...

बेतिया के कुमारबाग में निर्माणाधीन आश्रय भवन की छत गिरी
हिन्दुस्तान टीम,बगहाSun, 05 Sep 2021 11:41 PM
ऐप पर पढ़ें

कुमारबाग(प.च.)। एक संवाददाता

चनपटिया की उत्तरी घोघा पंचायत के बड़का गांव परसौना में निर्माणाधीन आश्रय गृह की छत का एक हिस्सा रविवार को भरभरा कर गिर गया। एक दिन पूर्व ही इसकी ढलाई की गई थी। बाढ़ के दौरान पीड़ितों के आश्रय लेने के लिए भवन का निर्माण कराया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में गड़बड़ी के कारण ढलाई के दूसरे दिन ही छत का एक हिस्सा गिर गया। जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। निर्माण की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार बाढ़ आपदा के समय लोगों के रहने के लिए आश्रय भवन का निर्माण बड़का गांव परसौनी में हो रहा है। गांव के सुनील सिंह का कहना है कि निर्माण में अनियमितता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार्यस्थल पर किसी तरह का बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे लोगों को जानकारी ही नहीं है कि आखिर यह बन क्या रहा है। वहीं सुरेंद्र प्रसाद कहते हैं कि रविवार को जोरदार आवाज के साथ छत भरभरा कर गिर गयी। भवन निर्माण में सफेद बालू और घटिया सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। छत ढलाई के लिए सटरिंग के नीचे पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी। कहीं-कहीं बांस-बल्ले लगाकर सटरिंग किया गया और छत की ढलाई की गई। सटरिंग में सरिया भी काफी दूरी पर बांधा गया है।

इधर, भवन निर्माण विभाग के एसडीओ रमेश पंडित ने बताया कि आश्रय भवन की छत गिरने की जानकारी मुझे नहीं है। यदि वाकई में छत गिरी है तो जांच कराई जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें