पारा पहुंच गया 41 डिग्री के पार झुलसाने लगी गर्म पछुआ हवा
बेतिया, चंपारण समेत उत्तर बिहार में गर्मी का कहर जारी है। पिछले तीन दिनों से तापमान 41.1 डिग्री तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जो 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के...
बेतिया, कार्यालय संवाददाता। चंपारण समेत उत्तर बिहार में भीषण गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। बीते तीन दिनों से गर्मी कहर ढा रही है। गुरुवार को पारा चढ़कर 41.1 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यह 19.4 डिग्री दर्ज किया है। बुधवार के अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम 25.6 डिग्री दर्ज किया गया था। डॉ. राजेंद्र केंद्रीय कृषि विवि, पूसा के मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि बिहार और पूर्वी भारत के ऊपरी वायुमंडल में गर्म हवा चल रही है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसा हुआ है। दो-तीन दिनों में तापमान 40 डिग्री के नीचे आने की उम्मीद है। चंपारण में अगले एक सप्ताह में तेज हवा के साथ पांच मिलीमीटर तक बारिश होने के अनुमान हैं। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन उसके बाद फिर से बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल सामान्य गर्मी चंपारण समेत उत्तर बिहार में पड़ रही है। आने वाले दिनों में इसमें बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि बीच-बीच में बारिश होने के अनुमान हैं।
सात दिनों में आठ डिग्री बढ़ा अधिकतम तापमान : वाल्मीकिनगर वेद्यशाला से मिले आंकड़ों के अनुसार बीते सात दिनों में अधिकतम तापमान में आठ डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। तेजी से तापमान बढ़ने के कारण लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी महसूस हो रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 18 अप्रैल को यह 33 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि न्यूनतम तापमान में एक दिन में ही 6.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। यह बुधवार को 25.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।