अनुमंडलीय शहर को आपस में जोड़ने के लिए रेल प्रशासन की ओर से एक बड़ी पहल शुरू की गयी है। इसके तहत नरकटियागंज जंक्शन पर एफओबी का निर्माण प्रारंभ किया गया है।
इस फुट ओवरब्रिज से शहर के दोनो हिस्सों को आपस में जोड़ने में बहुत सहूलियत होगी। जंक्शन पर बनने वाला यह एफओबी अब तक का सबसे बड़ा फुट ओवर ब्रिज होगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस एफओबी से नरकटियागंज के हरदिया चौक व मस्जिद चौक आपस में जुट जाएंगे। नगरवासियों के लिए यह बहुत बड़ा सौगात होगा और रेलवे लाइन पार करने की समस्या से उन्हें हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। जानकारों ने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों की देखरेख में नये फुटओवर ब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि नरकटियागंज जंक्शन कमोबेश शहर के मध्य में स्थित है। यहां के अधिकांश सरकारी कार्यालय जंक्शन के दक्षिण में स्थित हैं तो बाजार व ज्यादातर रिहायशी इलाके उतर दिशा में हैं। वैसे तो रोड ओवरब्रिज का निर्माण यहां पूर्ण हो गया है किन्तु पैदल चलने वाले लोग ज्यादातर रेलवे लाइन पार कर उतर से दक्षिण व दक्षिण से उतर जाते हैं। इससे लोगों के साथ साथ रेल महकमा को भी परेशानी होती है। इसी परेशानी से निजात दिलाने के लिए रेल प्रशासन की ओर से एक बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है।
जंक्शन पर हो जाएंगे तीन फुट ओवरब्रिज: नरकटियागंज जंक्शन पर छोटी लाइन के समय से ही एक फुट ओवरब्रिज है। प्लेटफार्म दो,तीन व चार को आपस में जोड़ने वाले इस एफओबी को रेल प्रशासन की ओर से इसे दुरुस्त कर दिया गया है। वहीं जंक्शन पर पूर्व दिशा में निर्मित एफओबी का विस्तार किया जा रहा है। इसे जंक्शन के एक व दो तथा पांच व दक्षिण इलाके को आपस में जोड़ा गया था किन्त अब इसका विस्तार से किया जा रहा है। इसे विस्तारित करते हुए अब प्लेटफार्म तीन व चार तथा उतर के इलाके से जोड़ा जा रहा है।