प्रसूता की मौत में अस्पताल सील
बेतिया के न्यू पारस अस्पताल में प्रसूता रेशमी कुमारी की मौत के मामले में अस्पताल को सील कर दिया गया है। सिविल सर्जन के आदेश पर कार्रवाई की गई है। मृतका के पति ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के लिए पैसे लेने...
बेतिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। नगर के एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान पिछले दिनों हुई प्रसूता की मौत के मामले में नाजनीन चौक स्थित न्यू पारस हॉस्पिटल (निजी अस्पताल) को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई पश्चिम चंपारण के सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार के आदेश पर की गयी है। गुरुवार को अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी अभिषेक कुमार, डीसीएम सुमिर आलम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेतिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. शहाबुद्दीन, सोनू राज के साथ दारोगा मनोज सिंह ने यह कार्रवाई की है। विदित हो कि लौरिया थाना के सौराहा वार्ड 03 निवासी सुरेश कुशवाहा की पत्नी रेशमी कुमारी (23) नौ माह की गर्भवती थी।
विगत दो सितंबर को प्रसूता की मौत उक्त अस्पताल में हो गई थी। मामले में मृतक के पति सुरेश कुशवाहा की शिकायत पर योगापट्टी थाना क्षेत्र के बकही निवासी सुनील कुमार मुखिया, संतोष कुमार मुखिया, नगर के नाजनी चौक निवासी न्यू पारस अस्पताल के चिकित्सक डा. शमा साबरीन व उनके पति डा. हामिद अली को अभियुक्त बनाया गया था। आरोप लगाया था कि दो सितंबर की सुबह सुनील कुमार मुखिया, सुरेश कुशवाहा को फोन कर उनकी पत्नी की डिलीवरी कराने के लिए न्यू पारस हॉस्पिटल में बुलाया। उनके बुलाने पर वे उसी दिन करीब 10:30 बजे अपनी पत्नी व परिवार के अन्य लोगों के साथ न्यू पारस हॉस्पिटल में पहुंचे। यहां आते ही चारों आरोपित उनकी पत्नी को अस्पताल के भीतर लेकर चले गए और इलाज करना शुरू कर दिया। पूछने पर चिकित्सक ने बताया कि सब कुछ ठीक है, नॉर्मल डिलीवरी होगी। दो घंटा बीत जाने के बाद आरोपित संतोष कुमार मुखिया उनके पास आया और कहा कि नॉर्मल डिलीवरी संभव नहीं है, ऑपरेशन करना पड़ेगा। ऑपरेशन के लिए 40 हजार रुपये ले लिया। दोपहर एक बजे चिकित्सा हामिद अली उन्हें बुलाए और बताएं कि उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई है। आरोप लगाया था कि ऑपरेशन के लिए रुपये लेने के बाद भी उनकी पत्नी का ऑपरेशन नहीं किया गया। ऑपरेशन हो जाने पर उनकी पत्नी व बच्चे की जान बच सकती थी। उन्होंने कहा है कि आरोपित सुनील कुमार मुखिया और संतोष कुमार मुखिया ने उन्हें गुमराह किया है। डा. शमा साबरीन व डा. हामिद अली की लापरवाही और गलत दवाई चलाने के कारण उनकी पत्नी की मौत हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




