
वास भूमि न मिलने से कटाव पीड़ित भटकने को मजबूर
नौतन के गरीब व भूमिहीन परिवार वर्षों से अपने हक की वास भूमि के लिए आवेदन दे रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवारों ने अंचल कार्यालय जाकर अपनी समस्याएं बताई, लेकिन सीओ से मुलाकात नहीं हो सकी। प्रशासन से न्याय की उम्मीद में परिवार हताश हैं।
नौतन, एक संवाददाता। अंचल क्षेत्र के गरीब व भूमिहीन परिवार आज भी अपने हक की वास भूमि से वंचित हैं।वर्षों से लगातार आवेदन देने के बावजूद अंचल प्रशासन द्वारा भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने से पीड़ित परिवारों में गहरी नाराज़गी है।गुरुवार को लोक संघर्ष समिति के संगठनकर्ता व जेपी सेनानी पंकज, बन्हु सहनी, बुचून मांझी, देवदत्त राम, बालेश्वर राम और श्रीमति देवी सहित अन्य पीड़ित अंचल कार्यालय पहुँचे और सीओ अलका कुमारी से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उनके कार्यालय छोड़ जाने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी।विवश पीड़ितों ने अंचल कार्यालय की कर्मी सबिता कुजूर को आवेदन सौंपा और लौट गए।

जेपी सेनानी पंकज ने बताया कि भगवानपुर पंचायत के वार्ड संख्या चार के बाढ़-कटाव पीड़ित वास-भूमिहीन परिवारों को अब तक भूमि का बंदोबस्त नहीं हुआ है।वहीं नौतन-मंगलपुर मार्ग के चौड़ीकरण से विस्थापित बारह परिवार आज भी पुनर्वास की प्रतीक्षा में हैं।इसके अलावा लीलापट्टी बजरंगी बाजार के तेरह मुसहर परिवारों को 2010 में आवंटित वास भूमि पर अभी तक दखल नहीं दिलाया गया।बार-बार आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार हताश हैं और प्रशासन से जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। गौरतलब है कि वास भूमि का आवंटन होने के बाद भी उस भूमि पर दखन कब्जा नहीं दिलाने से पीड़ितो को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


