प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित
बगहा में फरवरी के अंतिम शनिवार को प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में वार्षिक परीक्षा की तैयारी, अभिभावकों की जिम्मेदारी और बाल मेला के आयोजन पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग की अपील की और समस्याओं का समाधान किया।

बगहा, हमारे संवाददाता। फरवरी माह के अंतिम शनिवार को बगहा एक एवं दो प्रखंड के सभी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में अभिभावकझ्रशिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही। संगोष्ठी का मुख्य विषय वार्षिक परीक्षा की तैयारी, अभिभावकों की जिम्मेदारी तथा बाल मेला के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने आगामी वार्षिक परीक्षा को लेकर छात्रों की तैयारी की जानकारी अभिभावकों से साझा की। शिक्षकों ने बताया कि नियमित उपस्थिति, घर पर पढ़ाई का माहौल और समय पर होमवर्क पूरा करना परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक है।
अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर अध्ययन के लिए प्रेरित करें और प्रतिदिन उनकी पढ़ाई की समीक्षा करें। संगोष्ठी में अभिभावकों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। कई अभिभावकों ने बच्चों की कमजोर विषयों में विशेष कक्षाएं चलाने की मांग की। इस पर शिक्षकों ने आश्वासन दिया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त मार्गदर्शन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बाल मेला के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। बाल मेला के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता, कला, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने पर जोर दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बाल मेला में शैक्षणिक प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाध्यापकों ने अभिभावकों से नियमित रूप से विद्यालय से जुड़े रहने और बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग करने की अपील की। संगोष्ठी को सफल बनाने में शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



