Bagaha News: जींस-टीशर्ट पहनकर आने वाले शिक्षकों पर होगी कार्रवाई : बीईओ
Bagaha News: नरकटियागंज में आयोजित गुरुगोष्ठी में बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने 70 प्रतिशत से अधिक छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने और नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया। स्कूल परिसर में नशे के सेवन और जींस-टीशर्ट पहनने पर रोक लगाई गई। निर्देशों का पालन न होने पर संबंधित शिक्षकों और प्रधान शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Bagaha News: नरकटियागंज। रेलवे प्रवेशिका प्लस टू स्कूल सभागार में गुरुगोष्ठी का आयोजन किया गया।अध्यक्षता बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह ने की। गोष्ठी में बीईओ ने स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में 70 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राओं की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उपस्थिति कम होने पर संबंधित प्रधान शिक्षक जवाबदेह होंगे। बीईओ ने कहा कि स्कूल परिसर में सिगरेट, पान, गुटखा या खैनी का सेवन करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय को नशा मुक्त रखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जींस पैंट और टी-शर्ट पहनकर विद्यालय आने पर रोक लगा दी गयी है।
शिक्षक मर्यादित और गरिमापूर्ण वेशभूषा में स्कूल आएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में समय सारणी और शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा।यदि कोई शिक्षक वर्ग 1 से 5 या 6 से 8 तक की कक्षाएं पढ़ाने से इंकार करता है और इससे पठन-पाठन बाधित होता है तो प्रधान शिक्षक विवाद में न पड़ें, तुरंत इसकी सूचना प्रखंड कार्यालय को दें। सूचना मिलते ही वे स्वयं स्कूल पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। बीईओ ने नामांकन बढ़ाने पर भी जोर दिया।

