
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने 11 मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन को किया रवाना
बेतिया में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए 11 मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन को रवाना किया गया। ये वैन मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने के तरीके के बारे में जागरूक...
बेतिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी द्वारा जिला अंतर्गत सभी नौ विधान सभा क्षेत्रो के लिए कुल 11 मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन जिले में स्थित प्रत्येक मतदान भवन, निर्वाचक साक्षरता क्लब आदि में भ्रमण कर मतदाताओ को ईवीएम के माध्यम से अपना मत प्रयोग करने के लिए जागरुक करेंगे। इसका परिचालन जिले के सभी नौ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 1631 मतदान भवनों में किया जाएगा। इस कार्य हेतु कुल 11 एमडीवी चलाये जाने की योजना है। वाल्मीकिनगर एवं रामनगर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए 2-2 एवं शेष विधान सभा क्षेत्रो के लिए 1-1 एमडीवी का परिचालन किया जायेगा।

रोस्टर अनुसार अगले 27 दिनों के अंदर सभी मतदान केन्द्रों पर प्रदर्शन का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को ईवीएम और वीवीपैट के प्रयोग एवं कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। मतदान प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की भ्रांतियां दूर हों और मतदाता आत्मविश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस पहल का एक विशेष उद्देश्य प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को मतदान प्रक्रिया में सहजता प्रदान करना है। अनेक बार देखा गया है कि तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण मतदाता मतदान केंद्र पर संकोच महसूस करते हैं। इस चैन के माध्यम से उन्हें पहले ही प्रायोगिक अनुभव मिल जाएगा, जिससे मतदान दिवस पर वे बिना किसी झिझक के मतदान कर पाएंगे। वैन में रहेंगे प्रशिक्षित कर्मी इस वैन में प्रशिक्षित कर्मी उपलब्ध रहेंगे जो लोगों को ईवीएम के बटन दबाने से लेकर वीवीपैट स्लिप देखने तक की पूरी प्रक्रिया का लाइव डेमोंस्ट्रेशन देंगे। इसके अलावा नागरिकों के प्रश्नों के उत्तर भी मौके पर दिए जाएंगे। वैन में ऑडियो-विजुअल सामग्री, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से भी मतदान से जुड़ी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके मार्ग एवं समय की सूचना समय-समय पर जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला अंतर्गत सभी अनुमण्डल कार्यालयों में 03 ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेन्टर स्थापित किये गये है। जहाँ अब तक 1569 लोगों ने अब तक भ्रमण कर ईवी एम के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी है। इनमें से 1268 लोगों द्वारा माक वोट डालकर मतदान का पूर्वाभ्यास किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




