लंबित योजनाओं के लिए शीघ्र कराएं टेंडर: मेयर
बेतिया की मेयर गरिमा देवी शिकारिया ने नगर निगम की बैठक में लंबित विकास योजनाओं का शीघ्र टेंडर निकालने की मांग की। उन्होंने बताया कि कई महत्वपूर्ण योजनाएं, जैसे काली बाग कॉरिडोर और न्यू बस स्टैंड का जीर्णोद्धार, पिछले साल से लंबित हैं। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में देरी पर चिंता जताई गई।

बेतिया। नगर निगम में लंबित विकास योजनाओं का शीघ्र टेंडर निकालकर क्रियान्वयन किया जाए। उक्त बातें निगम की मेयर गरिमा देवी शिकारिया ने शुक्रवार को सशक्त स्थाई समिति की बैठक के दौरान कही। मेयर की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक का संचालन नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने किया। चार घंटे से अधिक समय तक चली सशक्त स्थायी समिति की बैठक में मेयर ने नगर निगम बोर्ड द्वारा बीते साल से अब तक पारित दर्जनों महत्वपूर्ण और करोड़ों की लागत वाली विकास योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं होने पर गहरी चिंता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इनमें निगम को पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर उभारने वाले काली बाग़ कोरिडोर निर्माण जैसी अति महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजना भी शामिल है।
इसके साथ ही दशकों से बदहाल नगर के न्यू बस स्टैंड का जीर्णोद्धार, विस्तार और सौंदर्यकरण जैसी विभाग और सरकार की भी प्राथमिकताओं वाली महत्वपूर्ण योजना भी शामिल है। इसके अलावे वर्षों से जर्जर हालत में पड़े महारानी जानकी कुंवर नगर भवन अर्थात टाउन हॉल का जीर्णोद्धार और वातानुकूलित स्वरूप में विस्तार के साथ उसके सौंदर्यीकरण जैसी महत्वपूर्ण योजना भी इसमें शामिल है। इसके अलावा ऐतिहासिक शहीद स्मारक परिसर को मनोरम और रमणीक रूप में विकसित करने के साथ ओपन जिम निर्माण और सौंदर्यीकरण की योजना का भी लंबे समय से लंबित है। नगर निगम बोर्ड की विभिन्न बैठकों में पारित इन योजनाओं के साथ ही झीलिया पार्क और कम्युनिटी हॉल, सोनार पट्टी पुल नवनिर्माण जैसी योजनाओं की भी निविदा नहीं हुई हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


