मझौलिया में एक ही रात ताला काट तीन घरों में चोरी

हिन्दुस्तान, बगहा
Follow us on Google News
share

मझौलिया के धोकरहा पंचायत में शनिवार रात को अज्ञात चोरों ने तीन मकानों में ताला काटकर लाखों की संपत्ति चुरा ली। चंद्रभूषण शर्मा, अजय शर्मा और सुरेंद्र शर्मा के घरों को चोरों ने निशाना बनाया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड को बुलाकर जांच शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मझौलिया में एक ही रात ताला काट तीन घरों में चोरी

मझौलिया। मझौलिया के धोकरहा पंचायत के शिकारपुर दुधा मठिया वार्ड 03 में शनिवार की देर रात एक साथ तीन मकानों में ताला काट कर अज्ञात चोरों ने लाखों की संपति चुरा ली है। चोरी की घटना सुरेंद्र शर्मा, अजय शर्मा व चन्द्रभूषण शर्मा उर्फ पप्पु शर्मा के घर में घटी है। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि चंद्र भूषण शर्मा उर्फ पप्पू शर्मा, अजय शर्मा और सुरेंद्र शर्मा के मकान में ताला काटकर व खिड़की में लगे ग्रिल को उखाड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। डॉग स्क्वायड को बुलाकर घटना स्थल पर जांच करायी गयी है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके पर पहुंच फिंगर प्रिंट का नमूना लिया है।

इस घटना में शामिल अपराधियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय मुखिया आशीष भट्ट ने बताया कि चन्द्रभूषण शर्मा चेन्नई में इंजीनियर है। जबकि सुरेन्द्र शर्मा के चार पुत्र बिहार पुलिस व फौज में है। वहीं अजय शर्मा बेतिया में रहते है। सुरेन्द्र शर्मा के घर में उनके परिजन सोए हुए थे। अज्ञात चोर रात्रि में एक कमरे की खिड़की में लगे लोहे के ग्रिल को उखाड़कर अंदर घुसे और जिस घर में परिवार के लोग सोये थे उसके दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। उसके बाद चोरी की घटना को उन्हीं कमरो में अंजाम दिया, जहां कोई नहीं सोया था। वहां से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित चन्द्रभूषण शर्मा व अजय शर्मा के घर को भी चोरो ने निशाना बनाया। अजय शर्मा के घर में कोई नहीं था। वहीं चन्द्रभूषण शर्मा के घर की निगरानी के लिए नाइट गार्ड सुकन यादव तैनात थे। वे रात में मुख्य घर के अहाते में थोड़ी दूर पर स्थित एक कमरे में सोये हुए थे। चन्द्रभूषण शर्मा के घर में घुस चोरों ने सभी कमरो का ताला काटकर बहुमूल्य सामानों को चुराया है। जानकारी तब हुई जब रविवार की सुबह सुरेन्द्र शर्मा के परिवार के लोग उठे। उसके बाद गांव में हल्ला हो गया कि एक ही रात में तीन घरों को चोरों ने निशाना बनाया है।डॉग स्क्वायड को सुराग नहींघटना की सूचना मिलते ही मझौलिया पुलिस की टीम गांव में पहुंची। उसके बाद जांच के लिए खोजी कुत्ता को बुलाया गया। कुत्ता मकान के अंदर बाहर सूंघते हुए घर के बगल से झाड़ी के रास्ते आगे जाकर बैठ गया। कुत्ते को कोई सुराग नहीं मिला। स्थानीय ग्रामीणों का कहना था कि चोरी की इस घटना में एक दर्जन से ज्यादा अपराधी शामिल होंगे। एक या दो चोर इस तरह की घटना को अंजाम नहीं दे सकते है। उन्होंने बताया कि इस भयंकर चोरी की वारदात से इतना तो स्पस्ट है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।