ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बगहाटूटने की बजाय परिस्थितियों से लड़ने से मजबूत हुई ममता

टूटने की बजाय परिस्थितियों से लड़ने से मजबूत हुई ममता

दुनिया में ऐसे बहुतेरे हैं जो विपरीत परिस्थितियों खासकर गरीबी के सामने टूट जाते हैं,लेकिन मैनाटांड प्रखंड के भतुहा गंाव की ममता (16) ने इन सभी को मात देते हुए फुटबॉल की दुनिया में अपना एक अलग मुकाम...

टूटने की बजाय परिस्थितियों से लड़ने से मजबूत हुई ममता
हिन्दुस्तान टीम,बगहाSat, 22 Sep 2018 11:43 PM
ऐप पर पढ़ें

दुनिया में ऐसे बहुतेरे हैं जो विपरीत परिस्थितियों खासकर गरीबी के सामने टूट जाते हैं,लेकिन मैनाटांड प्रखंड के भतुहा गंाव की ममता (16) ने इन सभी को मात देते हुए फुटबॉल की दुनिया में अपना एक अलग मुकाम हासिल किया है। ममता ने गरीबी की वह सूरत भी देखी है, जब वह भूखे पेट मैदान में दौड़ लगाया करती थी। बावजूद इसके उसने फुटबॉल की दुनिया में अपने को कायम रखा और आज इस क्षेत्र में स्थापित भी हो गयी है। छोटे से गंाव से निकलकर उसने वर्ष 2017 व 18 में उड़ीसा व गोवा में अखिल भारतीय फुटबाल प्रतियोगिता में बिहार महिला फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इसके पूर्व वर्ष 2015 में पोर्टब्लेयर में ममता बिहार स्कूल स्टेट टूर्नामेंट भी खेल चुकी है। ममता के पिता विनोद गिरि मुंशी का काम कर अपने परिजनों का भरण पोषण करते हैं। 5 बहनों व 1 भाई के परिवार में ममता तीसरे नंबर पर है और खेल-कूद में उसकी काफी रुचि है।इसी रुचि की बदौलत वह नरकटियागंज के सुनील वर्मा (भैया) खेल निदेशक के निर्देशन में आसमान की बुलंदियों तक पहुंचना चाहती हैं।

लगभग 5 वर्ष पूर्व वह अपने पिता के साथ सुनील भैया के पास पहुंची थी। तब से लेकर आज तक उसने कई उतार चढ़ाव देखे। किन्तु उसने अपना हौसला बरकरार रखा और आज वह किसी पहचान की मोहताज नहीं है। वर्तमान में ममता केदार पांडे इंटर कॉलेज मेंंटरमीडिएट की छात्रा है। हालांकि उसकी प्रमुख इच्छा फुटबाल की दुनिया में देश का नाम रौशन करना है। ममता के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन तथा बिहार फुटबाल टीम का प्रतिनिधित्व करने पर नरकटियागंज चीनी मिल द्वारा उसे प्रोत्साहन राशि के रूप से तीन हजार रुपये प्रति माह मिलता है। खेल निदेशक श्री वर्मा ने बताया कि ममता में वह सारी खूबियां मौजूद हैं जो राष्ट्रीय टीम शामिल होने के लिए आवश्यक हैं।उन्होंने कहा कि भविष्य में फुटबाल की दुनिया में ममता राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने देश के साथ साथ चम्पारण व परिवार का नाम रौशन करेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें