Bagaha News: गांधी साहित्य का केंद्र नहीं बना भितिहरवा
Bagaha News: महात्मा गांधी का भितिहरवा आश्रम आज तक गांधी साहित्य का केंद्र नहीं बन सका। यहां न तो लाइब्रेरी है और न ही गांधी से जुड़ी किताबें उपलब्ध हैं। इससे पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। आश्रम में ई रिक्शा भी खराब हो रही हैं, क्योंकि उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है।

Bagaha News: नरकटियागंज। महात्मा गांधी का भितिहरवा आश्रम आज तक गांधी साहित्य का केंद्र नहीं बन सका। आश्रम में एक लाइब्रेरी तक की व्यवस्था नहीं है। इससे यहां आने वाले छात्र, युवाओं एवं बुद्धिजीवियों को गांधी से जुड़ी किताबें पढ़ने को नहीं मिल पाती है। आश्रम में लगी गांधी की प्रतिमा एवं दिवालों पर टंगी कुछ तस्वीरों को देखकर ही उन्हें संतोष करना पड़ता है। गांधी कब भितिहरवा आए, उन्होंने यहां लोगों में कैसे अहिंसा, स्वच्छता एवं बुनियादी शिक्षा का बीज बोया इन सब बातों की जानकारी से जुड़ी कोई किताबें भी आश्रम में सहज उपलब्ध नहीं है।
अध्ययन केंद्र की स्थिति
वर्ष 2012 - 13 में आश्रम के एक कमरे में अध्यन केंद्र सह लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई थी। लेकिन फिलवक्त उक्त कक्ष में अधिकतर ताला लटका रहता है। आश्रम के तत्कालीन प्रभारी एवं चंपारण में गांधी पुस्तक के संपादक डॉ ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में आश्रम में एक अध्ययन केंद्र सह लाइब्रेरी की व्यवस्था कराई थी। कुछ किताबें खरीदी गई थी और कुछ दूसरे लोगों ने सहयोग के रूप में दी थी। हालांकि 2014 में उनका तबादला हो गया था और तबसे अबतक एक आधुनिक लाइब्रेरी के लिए कही से कोई पहल होती हुई नहीं दिख रही है।
पर्यटकों की कमी
घटने लगी है पर्यटकों की संख्या : आश्रम में पहले की अपेक्षा पर्यटकों की संख्या कम हुई है। पहले यहां प्रतिदिन औसतन 4 से 5 सौ की संख्या में छात्र, युवा एवं अन्य पर्यटक आया करते थे। लेकिन जबसे आश्रम के अंदर प्रवेश के लिए टिकट लगने लगी है तबसे पर्यटकों की संख्या में कमी हुई है। आश्रम कर्मी हरि कामथ ने बताया कि आजकल प्रति दिन सौ से सवा सौ तक की संख्या में लोग आते हैं।
ई रिक्शा की स्थिति
सड़ रही है ई रिक्शा : आश्रम परिसर में पिछले सात आठ सालों से भी अधिक समय से चार ई रिक्शा सड़ रही है। फिलवक्त इन्हें आश्रम में एक भवन के पीछे फेंक दिया गया है। इनका अधिकतर हिस्सा जंग खाकर सड़ रहा है। इनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। आश्रम में बतौर गाइड रहने वाले अखिलेश वर्मा कहते है कि आश्रम में ई रिक्शा इस लिए लाई गई थी कि यदि कोई पर्यटक यहां आने के बाद यहां से आसपास के पर्यटक स्थल रमपुरवा, सोफा , सहोदरा जाने चाहे तो उसे घुमाया जा सके। लेकिन आज तक रिक्शा के चालकों तक की व्यवस्था नहीं हो पाई और रखे रखे ई रिक्शा सड़ गईं।


