Bagaha News: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन
Bagaha News: योगापट्टी में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। यह क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक नया अवसर है। स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि माना और सरकार से महाविद्यालय के लिए आवश्यक सुविधाओं की मांग की।

Bagaha News: योगापट्टी एक संवाददाता। योगापट्टी प्रखंड के भवानीपुर पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कोहड़ा परिसर में बुधवार को नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।उद्घाटन के साथ ही योगापट्टी एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई सौगात मिली।लंबे समय से क्षेत्र में सरकारी डिग्री महाविद्यालय की मांग की जा रही थी।महाविद्यालय के शुभारंभ को स्थानीय लोगों ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,अधिकारी, शिक्षक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा।उद्घाटन
के बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि महाविद्यालय के शुरू होने से अब क्षेत्र के विद्यार्थियों विशेषकर छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी शशिभूषण कुमार,नगर पंचायत मच्छरगंवा की कार्यपालक पदाधिकारी रीना कुमारी,प्रभारी एमडीएम पदाधिकारी रवि रंजन कुमार,प्रमुख प्रतिनिधि शंभू माली, महाविद्यालय के प्राचार्य दिग्विजय प्रसाद यादव, प्रधानाध्यापक शिव कुमार सिंह,संतोष चौधरी,कौशल किशोर पाण्डेय,विजय कुमार पाण्डेय,प्रहलाद महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से योगापट्टी प्रखंड में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।इससे न केवल विद्यार्थियों का समय और खर्च बचेगा,बल्कि क्षेत्र में शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा।लोगों ने सरकार से महाविद्यालय के लिए शीघ्र स्थायी भवन,पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की,ताकि विद्यार्थियों को सभी सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।


