छठ पूजा की तैयारी में जुटा निगम
बेतिया में आगामी छठ महापर्व के लिए नगर निगम ने सभी पोखरों और पूजा घाटों पर महिला चेंजिंग रूम और उपयुक्त प्रसाधन बनाने का प्रस्ताव पास किया है। मेयर गरिमा देवी सिकारिया ने साफ-सफाई और लाइटिंग व्यवस्था...

बेतिया, बेतिया कार्यालय। आगामी छठ महापर्व से पूर्व निगम क्षेत्र के सभी पोखरों और छठ पूजा के घाटों पर स्टेनलेस स्टील से तैयार महिला चेंजिंग रूम बनाया जायेगा। इसके साथ ही प्रत्येक छठ पूजा घाट के पास उपयुक्त प्रसाधन का निर्माण होगा। उक्त प्रस्ताव नगर निगम के सशक्त समिति की बैठक में मंगलवार को पास किया गया। इसकी जानकारी देते हुए मेयर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि उनकी अध्यक्षता में हुई बैठक में छठ घाटों को सुविधा संपन्न पर प्रस्ताव पारित किया गया। करीब आधे दर्जन एजेंडों पर चर्चा के बाद सशक्त स्थायी समिति द्वारा मोहर लगाते हुए आदेश जारी किए गए हैं।
नगर आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने कहा कि तैयारी में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। घाटों पर बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं मेयर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पुख्ता साफ सफाई और लाइटिंग व्यवस्था को दुरुस्त बनाने को लेकर आदेश जारी किए गए हैं। आगामी दीपावली और छठ पूजा महापर्व को लेकर पूरे नगर निगम क्षेत्र में साफ सफाई व्यवस्था को और दुरूस्त बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पूरे नगर निगम क्षेत्र में खराब पड़े हाईमास्ट और एलईडी लाइट पोस्ट को अभियान चला कर ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नव अधिग्रहित क्षेत्रों में सार्वजनिक रौशनी की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। आवारा पशुओं पर नियंत्रण हेतु आश्रय स्थल का निर्माण होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




