अवैध नर्सिंग होम पर छापेमारी,सील

Apr 08, 2026 12:27 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बगहा
share

बेतिया के अस्पताल रोड पर स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को एक अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम 'आइडियल मेडिकेयर सेंटर' पर छापेमारी की। बिना लाइसेंस के चल रहे इस नर्सिंग होम में मानक के बिना ऑपरेशन थियेटर और सामग्री पाई गई। डॉक्टर कक्ष और ओटी को सील कर दिया गया।

अवैध नर्सिंग होम पर छापेमारी,सील

शत्रुघ्न शर्मा बेतिया , हिंदुस्तान संवाददाता । नगर के अस्पताल रोड स्थित एक अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान ‘आइडियल मेडिकेयर सेंटर’ नामक नर्सिंग होम बिना लाइसेंस के संचालित पाया गया। जांच में बिना मानक के ऑपरेशन थियेटर और ऑपरेशन से संबंधित सामग्री मिलने के बाद मेडिकल टीम ने डॉक्टर कक्ष व ओटी को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि अस्पताल रोड में एक नर्सिंग होम बिना लाइसेंस के संचालित किया जा रहा है। इसके बाद बेतिया पीएचसी प्रभारी डॉ. शहाबुद्दीन के नेतृत्व में टीम ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की।

छापेमारी दल में लेखपाल राजन कुमार, प्रधान सहायक सोनू तथा नगर थाना की दरोगा रूपा कुमारी भी शामिल थीं।पीएचसी प्रभारी डॉ. शहाबुद्दीन ने बताया कि जांच के दौरान नर्सिंग होम में बिना मानक के ऑपरेशन थियेटर और ओटी से जुड़ी सामग्री मिली। वहीं क्लिनिक में एक महिला मरीज भी भर्ती मिली, जिसका एक दिन पूर्व ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराया गया था। मौके पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की गई, लेकिन उसने स्वयं को वहां का डॉक्टर नहीं बताया। बताया जाता है कि उक्त नर्सिंग होम एक भाड़े के मकान के निचले हिस्से में संचालित हो रहा था। यहां मरीजों को भर्ती करने के लिए करीब छह कमरे बनाए गए थे, जिनमें से दो कमरों में मरीज भर्ती मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल डॉक्टर कक्ष और ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।