पश्चिम चंपारण की नौ सीटों पर जमकर बरसे वोट
पश्चिम चंपारण जिले की नौ विधानसभा सीटों पर चुनाव में 70.67 फीसदी मतदान हुआ। ईवीएम खराबी के बावजूद मतदान समय पर शुरू हुआ। सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। कुछ स्थानों पर वोट बहिष्कार की घटनाएं भी हुईं, लेकिन अधिकांश जगहों पर मतदान उत्साहजनक रहा।
बेतिया, हिन्दुस्तान टीम। पश्चिम चंपारण जिले की नौ विधानसभा सीटों पर चुनाव में जमकर वोट बरसे। कुछ जगहों पर ईवीएम खराबी की बात सामने आई, लेकिन वहां मशीन ठीक या बदलकर तुरंत मतदान शुरू कर दिया गया। सुबह छह बजे से ही बूथों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। दूसरे चरण के चुनाव में मंगलवार को सुबह 11 बजे तक ही 14.96 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। सुबह में गुलाबी ठंड के बाद धूप चढ़ते ही बूथों पर मतदाताओं की संख्या भी बढ़ने लगी। दोपहर एक बजे तक 49 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाल दिये थे।
दोपहर तीन बजे तक यह आंकड़ 62 फीसदी को पार कर गया। शाम छह बजे तक बूथों पर मतदान हुआ। लोगों में मतदान के प्रति भारी उत्साह देखा गया। नौ विस सीटों पर शाम छह बजे तक 70.67 फीसदी वोटिंग हुई। इसमें वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में 70.28 फीसदी, रामनगर (सु) में 69.04, नरकटियागंज में 68, बगहा में 70.63 लौरिया में 72.42, चनपटिया 74.18, बेतिया 66.96 सिकटा 72.64और नौतन विधानसभा में 71.89, फीसदी मतदान हुआ। इधर रामनगर विधानसभा क्षेत्र के दोन स्थित नौरंगिया दोन के मतदान केन्द्र संख्या एक से लेकर नौ तक व बनकटवा के करमहिया के 10 से 18 तक व बगही के मतदान केन्द्र संख्या 27 पर लोगों ने वोट बहिष्कार किया। यहां लोगों ने लॉकडाउन लगाकर रखा था। सड़क, पानी, बिजली, मोबाइल नेटवर्क आदि की मांग को लेकर मतदाताओं ने वोट बहिष्कार था। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग को लेकर अड़े रहे। वहीं रामनगर विस के ही गौनाहा प्रखंड के भतुजला गांव के लोगों ने मतदान केन्द्र संख्या 270 व 271 पर वोट बहिष्कार किया। बाद में लोगों ने कुछ मत डाले। वाल्मीकिनगर विधानसभा में शुरुआत से ही मतदान प्रतिशत तेज रहा, ठकराहा प्रखंड में नौ बजे तक 14 फीसदी तो 11 बजे तक 30 फीसदी हो गया, वहीं एक बजे तक प्रतिशत बढ़कर 43 हो गया था। जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। कंट्रेाल रूम के द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे तक 15.4 प्रतिशत मतदान हुआ था, 11 बजे तक 32.39 फीसदी हो गया। वहीं तीन बजे तक 61.99 फीसदी तक मतदान पहुंच गया। जिसमें सर्वाधिक वाल्मीकिनगर में 65.62, चनपटिया में 63.79 फीसदी मतदान हुआ। लौरिया में 60.33, नरकटियागंज में 58.57, नौतन में 61.70, रामनगर में 62.57, बगहा में 63.86 व बेतिया में 58.06, सिकटा में 62.36 फीसदी मतदान हुआ था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




