Bagaha News: बारिश ने खोली नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल

हिन्दुस्तान, बगहा
Follow us on Google News
share

Bagaha News: सैकड़ों परिवार जलजमाव से घिरे, वार्ड-2 की मुख्य सड़क पर दो फीट तक बहा पानी नालों की सफाई और निकासी व्यवस्था फेल, लोगों का घरों से निकलना हुआ मुश्किल

Bagaha News: बारिश ने खोली नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल

Bagaha News: बगहा। गुरुवार की देर रात से लगातार हुई बारिश ने नगर परिषद की जल निकासी व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोल दी है। शहर के कई मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे सैकड़ों परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी नगर परिषद के वार्ड संख्या-2 में देखने को मिली। जहां मुख्य सड़क पर करीब दो फीट तक पानी बहता रहा। सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। बारिश के कारण नालों का पानी सड़क और घरों के आसपास जमा हो गया। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में कठिनाई हुई, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। सबसे अधिक परेशानी स्कूल बच्चों को हो रही है। जमाव के कारण उनका पठन-पाठन भी पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा नालों की नियमित सफाई नहीं किए जाने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस बार भी थोड़ी देर की बारिश में ही निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। जलजमाव के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालों की सफाई कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में नागरिकों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों ने जल जमाव की समस्या को लेकर नाराजगी व्यक्त है । साथ ही आरोप लगाया है कि वार्ड पार्षद के उदासीनता के कारण उन्हें जल जमाव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इधर नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा ने बताया कि नाली नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई हैं। जिन जगहों पर जल जमाव की समस्या उत्पन्न हुई है उन जगहों पर कच्ची नाली तैयार कर पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।