होली पर शुरू की गयी निशुल्क रात्रि बस सेवा
होली पर्व के अवसर पर बेतिया पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए 2 से 6 मार्च तक नि:शुल्क बस सेवा शुरू की है। यह बसें रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक विभिन्न मार्गों पर यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाएंगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बसों में सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

बेतिया,हिन्दुस्तान संवाददाता। होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर बेतिया पुलिस ने नि:शुल्क बस सेवा शुरू की है। यह सेवा 2 मार्च से 6 मार्च तक प्रतिदिन रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक संचालित की जाएगी। बसें बेतिया रेलवे स्टेशन से विभिन्न निर्धारित मार्गों पर यात्रियों को उनके सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाएंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. शौर्य सुमन के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाहर से आने वाले यात्रियों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है। सोमवार को पुलिस केंद्र में रक्षित पुलिस उपाधीक्षक देवानंद राउत ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
पहली बस रेलवे स्टेशन से समाहरणालय चौक, तीन लालटेन, सोवाबाबू चौक होते हुए राजदेवढी तक जाएगी। वहीं दूसरी बस रेलवे स्टेशन से बस अड्डा, हरिवाटिका, आईटीआई और चेकपोस्ट तक संचालित होगी। पुलिस इंस्पेक्टर विश्व मोहन चौधरी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रूट में आवश्यकता अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है। बस में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो यात्रियों की सुरक्षा और सहायता करेंगे। पर्व के अवसर पर पुलिस की इस पहल से आम लोगों, खासकर देर रात पहुंचने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



