Bagaha News: छिनतई की झूठी कहानी रची, जांच में गिरफ्तार
Bagaha News: 6 जुलाई को चनपटिया में स्वास्थ्यकर्मी बासु साह ने 2.55 लाख की लूट का फर्जी केस बनाया। पुलिस ने जांच में यह सत्य पाया कि बासु ने पैसे गबन करने की मंशा से झूठी कहानी रची थी। बासु को गिरफ्तार कर उसके घर से 5000 रुपये और बाइक बरामद की गई।

Bagaha News: चनपटिया, नगर संवाददाता। गत 6 जुलाई की रात चनपटिया में खैरवाटोला-भैंसही के बीच पोखरा के समीप स्वास्थ्यकर्मी चनपटिया के चुहड़ी गांव निवासी बासु साह (27) से झपट्टा मार 2.55 लाख रुपये छीनने की घटना फर्जी निकली है। बासु ने रुपया गबन करने के लिए अपने साथ लूट की झूठी कहानी रची थी। उसने पुलिस से छिनतई की झूठी कहानी सुनाया था। एफआईआर के 20 दिन बाद ही पुलिस ने जांच कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। तकनीकी जांच में छिनतई की बात झूठी निकलने पर पुलिस ने बासु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर से पांच हजार रुपया और बाइक भी बरामद किया है। कांड के अनुसंधानकर्ता प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि बासु कुमार ने छिनतई की झूठी कहानी रची थी। कर्ज अधिक होने के कारण उसकी नीयत रुपया गबन करने की थी।
जांच के विवरण
जांच में पूरी सच सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सिकटा पीएचसी में एक्स-रे तकनीशियन के पद पर कार्यरत चनपटिया के बासु कुमार ने गत छह जुलाई की रात थाने पहुंचकर छिनतई की शिकायत दर्ज करायी थी। उसने पुलिस को बताया था कि वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर बैग में 2.55 लाख रुपए ले एरिया मैनेजर को रुपया देने शनिचरी चौक पर जा रहा था। इसी दौरान चनपटिया थाने के खैरवा टोला-भैंसही गांव के समीप झाड़ी में छिपे दो अज्ञात उच्चकों ने बाइक सवार स्वास्थ्यकर्मी से रूपयों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए। घटना के बाद बाइक का संतुलन खराब होने से वह सड़क किनारे खेत में गिर गया और उसे गंभीर चोट लग गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी। पीड़ित के बयान एवं तकनीकी जांच में अंतर देख पुलिस को शक हो गया। जांच में पुलिस टीम ने सख्ती दिखाई तो वह टूट गया और घटना की मनगढ़ंत कहानी को स्वीकार कर लिया। उसके साथ छिनतई की कोई घटना नहीं घटी थी। घटना के उद्भेदन में थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई प्रिंस कुमार, कुमार विवेकानंद शामिल थे।


