400 क्विंटल गन्ना उत्पादन के लिए अगले 100 दिन महत्वपूर्ण
नरकटियागंज के न्यू स्वदेशी सुगर मिल में किसान सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें 800 से अधिक किसानों ने भाग लिया। सेमिनार का उद्देश्य गन्ने के उत्पादन को 400 क्विंटल प्रति एकड़ तक बढ़ाना था। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों, यंत्रीकरण और सहफसली खेती के लाभों पर जानकारी दी।

रविन्द्र नाथ तिवारी नरकटियागंज, हिसं। न्यू स्वदेशी सुगर मिल नरकटियागंज के यार्ड में मंगलवार को किसान सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें 400 क्विंटल प्रति एकड़ गन्ना उत्पादन के लिए किसानों को तकनीकी समेत अन्य जानकारियां दी गईं। सेमिनार में नरकटियागंज प्रक्षेत्र के करीब 800 से अधिक किसानों की उपस्थिति रही। किसान सम्मेलन का शुभारंभ ईपी रविन्द्र कुमार तिवारी, डीईपी राजीव कुमार त्यागी, केविके के निदेशक डा आर पी सिंह, मगध ग्रुप के कॉरपोरेट केन हेड राजीव कुमार शर्मा, बिड़ला ग्रुप के हेड ऑफिस के सी.एच.आर.ओ एम आर चाकी और प्रेग्मेटिक्स के निदेशक डा दुष्यंत बादल ने किया। सेमिनार में ईपी श्री तिवारी ने कहा कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य कम लागत में आधुनिक तकनीकों और मशीनीकरण से 400 क्विंटल प्रति एकड़ गन्ना उत्पादन करना है।
उन्होंने आगामी जुलाई माह तक 100 दिनों के लिए गन्ना खेतों में किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। मुख्य अतिथि व के.वि.के के निदेशक डा आर पी सिंह ने सहफसली माध्यम से गन्ने की खेती कर अधिक लाभ प्राप्त करने पर बल दिया।जबकि डा बादल ने गन्ना खेती में आधुनिक मशीनों के उपयोग और संचालन की जानकारी दी। गन्ना विशेषज्ञ बलवीर सिंह ने गन्ना खेती में रोग एवं कीट नियंत्रण के संबंध में विस्तार से बताया। मगध ग्रुप के कॉरपोरेट केन हेड श्री शर्मा ने कहा कि गन्ने की खेती में यंत्रीकरण से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त होगा। कार्यपालक उपाध्यक्ष श्री त्यागी ने सिंगल बड गन्ने से अधिक उत्पादन प्राप्त करने पर जोर दिया। गन्ना महा प्रबंधक कुलदीप सिंह ढाका ने नई तकनीकों और चीनी मिल द्वारा दी जा रही सुविधाओं से अवगत कराया। वहीं गन्ना उप महा प्रबंधक प्रेम सिंह ने चीनी मिल द्वारा तैयार किए गए कृषि सेवा प्रदाता किसान से सेवा प्राप्त कर गन्ना उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। सेमिनार में एच आर हेड नवीन तिवारी, शंकर शरण सिंह,आशीष वर्मा,विजय कुमार पाण्डेय,सत्येंद्र राय,राजेश कुमार पाण्डेय आदि रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


