
चनपटिया चीनी मिल की 6.98 एकड़ भूमि से हटेगा अतिक्रमण
चनपटिया चीनी मिल की 6.98 एकड़ भूमि से अतिक्रमण जल्द हटाया जाएगा। बेतिया राज के राजस्व अधिकारी ने अंचलाधिकारी को पत्र भेजकर अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की है। भूमि सर्वेक्षण में पाया गया कि कई व्यक्तियों ने भूमि पर अतिक्रमण किया है। अंचलाधिकारी जांच कर आगे की कार्रवाई करेंगे।
चनपटिया, नगर संवाददाता। (फोटो)चनपटिया चीनी मिल की 6.98 एकड़ भूमि से जल्द ही अतिक्रमण हटाया जायेगा। अतिक्रमण हटाने को लेकर बेतिया राज के राजस्व अधिकारी ने चनपटिया अंचलाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया है कि राजस्व पर्षद बिहार के अध्यक्ष सह सदस्य के निर्देश पर बेतिया राज के भूमि की सर्वेक्षण राज के अमीनों के द्वारा कराया गया था। जिसमें पाया गया कि बेतिया राज के स्वामित्व वाले भूमि पर कतिपय व्यक्तियों ने अतिक्रमण कर लिया है, जो विधि विरुद्ध है। बेतिया राज की ओर से अंचलाधिकारी को पत्र के साथ अमीन द्वारा समर्पित प्रतिवेदन भी भेजा गया है। जिसमें नगर पंचायत क्षेत्र के टिकुलिया मौजा में स्थित चीनी मिल की भूमि पर अतिक्रमण कर लेने का उल्लेख है।
जिन भूमि पर अतिक्रमण किया गया है उनमें खाता संख्या- 95, 183 और 247 की 4.59 एकड़ और खाता संख्या-352/1170, 11 और 223 की 2.39 एकड़ भूमि शामिल है। बेतिया राज के राजस्व अधिकारी ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग चनपटिया के अंचलाधिकारी से की है। ईधर, अंचलाधिकारी कमलकांत सिंह ने बताया कि स्थल की जांच करायी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद प्रतिवेदन तैयार कर बेतिया राज को भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




