खाद की खुदरा दुकानों पर छापेमारी तेज
बगहा नगर में खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त है। खुदरा दुकानों की सघन जांच की जा रही है। कृषि कर्मियों की टीम सभी दुकानों की जांच कर रही है। किसी भी अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बगहा नगर प्रतिनिधि । खाद की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बगहा अनुमंडल क्षेत्र में खाद की खुदरा दुकानों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। इस अभियान के तहत एसडीएम एवं एसडीपीओ ने खाद दुकानों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में कृषि कर्मियों की टीम गठित की गई है, जो क्षेत्र के सभी खुदरा खाद दुकानों की जांच करेगी। टीम दुकानों में उपलब्ध खाद के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर एवं वितरण व्यवस्था की बारीकी से जांच कर रही है।
ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आ सके।अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी दुकानदार द्वारा खाद की जमाखोरी या कालाबाजारी करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में खाद की अवैध तस्करी की आशंका को देखते हुए एसएसबी की टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है। सीमा क्षेत्र में विशेष चौकसी बरती जा रही है। ताकि खाद की अवैध आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। प्रशासन का कहना है कि किसानों को उचित मूल्य पर समय से खाद उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा। गौरतलब हो कि ऑफ सीजन यूरिया की हो रही बिक्री के बाद जिला प्रशासन इसके कालाबाजारी एवं जमाखोरी की आशंका व्यक्त कर रहा है। जिसके मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


