
भतुजला स्कूल के नाम पर बन रही सड़क को ग्रामीणों ने रोका, अधिकारी बुलाने की मांग
गौनाहा प्रखंड के धमौरा पंचायत में परसौनी से भतुजला स्कूल के लिए सड़क निर्माण को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। भतुजला गांव के ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोकने की मांग की है और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क उनके गांव तक नहीं जा रही है।
जमुनिया, एसं। गौनाहा प्रखंड क्षेत्र के धमौरा पंचायत में परसौनी से भतुजला स्कूल के नाम पर कराए जा रहे सड़क निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सड़क का निर्माण परसौनी से एकवा गांव तक किए जाने के विरोध में भतुजला गांव के दर्जनों ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंच गए और कार्य को रुकवा दिया। आक्रोशित ग्रामीण किसी सक्षम व वरीय अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक अधिकारी स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट नहीं करते, तब तक कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बोर्ड में दर्शाए गए कार्य नाम के अनुरूप सड़क निर्माण नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार, परसौनी से भतुजला स्कूल तक मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क विकास योजना (अवशेष एसटी) के तहत लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की अनुमानित लागत से 1120 मीटर लंबी सड़क का निर्माण ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल नरकटियागंज द्वारा कराया जा रहा है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क भतुजला गांव तक न जाकर परसौनी से इमिलियाटोला होते हुए एकवा गांव तक बनाई जा रही है। इसी को लेकर भतुजला गांव के लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीण रामलाल महतो, जिउत उरांव, प्रभु गुरो, बंधु महतो, राजेंद्र उरांव, गणेश उरांव, रामअवतार धामी, परसुराम उरांव, रमेश उरांव, सिताराम उरांव, अजय उरांव, गुलटेनी मुखिया, धर्मेंद्र उरांव, प्रकाश उरांव, रवि उरांव, ओमप्रकाश उरांव सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके गांव के नाम पर दूसरे गांव में सड़क बनाकर भतुजला गांव को विकास से वंचित किया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के जेई नवीन गौरव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




