ई-शिक्षाकोष में फर्जी उपस्थिति में शिक्षिका पर कार्रवाई की अनुशंसा
बेतिया, बेतिया कार्यालय ई शिक्षा कोष पर फर्जी हाजिरी बनाने के मामले

बेतिया, बेतिया कार्यालय ई शिक्षा कोष पर फर्जी हाजिरी बनाने के मामले में रामनगर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) कुमार अनुभव को पत्र भेजकर राजकीय मध्य विद्यालय बेला हरिनगर की शिक्षिका तबस्सुम आरा खातून के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। यह कार्रवाई ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर गलत ढंग से उपस्थिति दर्ज करने तथा विभाग को गुमराह करने के आरोप में की गई है। बीईओ द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में जारी स्पष्टीकरण के आलोक में शिक्षिका ने जवाब प्रस्तुत किया था। जांच के दौरान पाया गया कि जनवरी 2026 में शिक्षिका ने पांच दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण में रहने का दावा किया, जबकि ई-शिक्षाकोष पर 6 जनवरी से 9 जनवरी तक विद्यालय परिसर दर्शाते हुए एक ही फोटो अपलोड की गई थी।
विभागीय जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि उस अवधि में शिक्षिका न तो प्रशिक्षण में थीं और न ही विद्यालय में उपस्थित थीं। पत्र में यह भी कहा गया है कि फरवरी, मार्च और अप्रैल माह में कई तिथियों पर विद्यालय में इन एंड आउट उपस्थिति अलग-अलग परिधानों और दुपट्टों के साथ दर्ज की गई, जिससे फोटो की सत्यता पर सवाल खड़े हुए। जांच में यह भी सामने आया कि आगमन और प्रस्थान समय में अस्वाभाविक अंतर दर्ज कर विभाग को भ्रमित करने का प्रयास किया गया।बीईओ ने अपने प्रतिवेदन में शिक्षिका का स्पष्टीकरण “बनावटी एवं असत्यापित” बताते हुए आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


