झूठी एफआईआर के नाम पर डरा 1.22 लाख ठगे
बेतिया के बसंतपुर गांव के मिंटू कुमार को साइबर अपराधियों ने झूठी एफआईआर दर्ज होने की धमकी देकर एक लाख 22 हजार रुपये ठग लिए। मिंटू ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

बेतिया। साठी के बसंतपुर गांव निवासी मिंटू कुमार को फोन कर साइबर अपराधियों ने झूठी एफआईआर दर्ज होने के नाम पर डराकर एक लाख 22 हजार रुपये ठग लिए है। घटना एक मार्च की है। मिंटू कुमार ने साइबर थाना में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। साइबर थाना के डीएसपी गौतम शरण ओमी ने बताया की आवेदन मिला है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। मिंटू कुमार ने आवेदन में बताया है कि एक मार्च की सुबह करीब 10 बजे अलग-अलग नंबर से उसके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि हम लोग थाना से बोल रहे हैं।
तुम प्रतिदिन अपने मोबाइल फोन पर न्यूड वीडियो देखते हो। जिस कारण देश के अलग-अलग 75 थानों में तुम्हारे खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई है। पुलिस तुम्हे गिरफ्तार करने के लिए तुम्हारे घर पर जाएगी। तुम्हे और तुम्हारे घर वालों को उठाकर जेल में भेजा जाएगा। सात लाख 50 हजार रुपये जुर्माना भी देना पड़ेगा। बदनामी भी होगी। यह सुन कर मिंटू कुमार डर गया और रोने लगा। अपराधियों ने कहा कि हम लोग तुम्हें बचा सकते हैं। तुम चाहते हो कि एफआइआर पर आगे कार्रवाई नहीं हो तो एक नंबर पर कुछ पैसा डालो। अपराधियों ने कहा कि किसी से इस बात की जानकारी नहीं देना, नहीं तो हम लोग कोई मदद नहीं कर पाएंगे। जैसा कहते हैं वैसा करते चलो। इसके बाद अपराधियों ने उसी दिन सुबह से शाम तक मिंटू से अलग-अलग मोबाइल नंबर और क्यूआर कोड पर एक लाख 20 हजार रुपये डलवा लिए। पैसा डलवाने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए अपराधियों ने मिन्टू के मोबाइल को रिसेट करवा दिया। शाम को मिंटू अकेले में रो रहा था। उसकी मां की उस पर नजर पड़ गई। पूछने पर उसने सारी बात मां और घर वालों से बताया। इसके बाद घर वालों ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज करायी। उसके बाद एफआईआर के लिए साइबर थाना में आवेदन दिया है। साइबर थाने की पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


