ठकराहा में भारी वाहनों के परिचालन से तटबंध में दरार
ठकराहा तटबंध और सड़क पर दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्दी मरम्मत नहीं की गई तो खतरा बढ़ सकता है। सहायक अभियंता ने बताया कि ओवरलोड वाहनों की वजह से ये दरारें आई हैं। ग्रामीणों ने तटबंध की शीघ्र मरम्मत और भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है।

ठकराहा,निज प्रतिनिधि। ठकराहा तटबंध और उससे सटी सड़क के किनारे दरार आ गयी है। सौ मीटर की दूरी में रोड के किनारे बांध फटा हुआ दिख रहा है। ऐसा शनिवार की रात से हुआ है। स्थानीय ग्रामीण रमेश पांडेय, छोटेलाल यादव, भोज मल्लाह आदि लोगों ने बताया कि अगर बांध में आयी दरार को शीघ्र दुरुस्त नहीं किया गया तो इससे खतरा उत्पन्न हो सकता है। बरसात पूर्व इसकी मरम्मत जरूरी है। बड़े वाहनों के आवाजाही के चलते इस बांध में दरार पैदा हुई है। ठकराहा जीएच प्रभाग के सहायक अभियंता आर्यन कुमार ने कहा कि तटबंध पर ओवर लोडेड वाहनों का परिचालन हो रहा है।
जिसके चलते तटबंध के किनारे पर दरार आई होगी। इसकी सूचना ग्रामीणों के द्वारा रविवार की सुबह फोन पर दी गयी है। स्थल निरीक्षण कर इसे दुरुस्त कराने के लिए काम किया जाएगा। शीघ्र ही दरार को भरकर दुरुस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दरार काफी गहरा नहीं है। इससे फिलवक्त किसी प्रकार का खतरा नहीं है। विभाग इसपर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि तटबंध पर हो रहे भारी वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन की मदद ली जाएगी। जिससे तटबंध को क्षति नहीं पहुंचे। इधर ग्रामीण की माने तो तटबंध और उससे सटी मुख्य सड़क धीरे-धीरे दम तोड़ रही है। करोड़ों रुपये की बाढ़ पूर्व तैयारियों के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। विभाग के कार्यालय के सामने तटबंध में दरारें पड़ रही हैं और सड़क का किनारा धंसकर खतरनाक गड्ढे में तब्दील होता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब विभाग अपने ही कार्यालय के सामने की सड़क और तटबंध को सुरक्षित नहीं रख पा रहा, तो पूरे इलाके को बाढ़ से बचाने के दावे महज खोखले हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र ही तटबंध को दुरुस्त करने और भारी वहनों के परिचालन पर रोक की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


