शिक्षकों की मांग हुई पूरी मिला मार्क ऑन ड्यूटी का आदेश
बेतिया, बेतिया कार्यालय जनगणना में लगे शिक्षकों की पिछले एक सप्ताह से चल

गौरव कुमार बेतिया, बेतिया कार्यालयजनगणना में लगे शिक्षकों की पिछले एक सप्ताह से चल रही मांग अब पूरी हो गई है। बेतिया नगर निगम की आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने मार्क ऑन ड्यूटी का आदेश जारी कर दिया है। इस बाबत पत्र जारी करते हुए नगर निगम की आयुक्त ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 का मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जनगणना अधिनियम के साथ पठित जनगणना नियमावली के तहत प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। नगर निगम, बेतिया चार्ज अंतर्गत नियुक्त सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को यह स्पष्ट निर्देश है कि वे अपने-अपने आवंटित निर्धारित अवधि के दौरान पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ कार्य का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
इस संबंध में ई - शिक्षकोष पोर्टल पर मार्क ऑन ड्यूटी के रूप में दर्ज करेंगे, तथा सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक इस अवधि में बिना अद्योहस्ताक्षरी के पूर्व लिखित स्वीकृति के अवकाश ग्रहण करना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। बिना अनुमति के अनुपस्थिति, कार्य में शिथिलता अथवा आदेश की अवहेलना को कर्तव्य में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित के विरूद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जायेगी। किसी भी स्तर पर जनगणना कार्य में व्यवधान, विलंब अथवा त्रुटि के लिए पूर्ण जवाबदेही संबंधित कर्मी की होगी। जिसके लिए उनके विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। ऐसे नगर निगम, बेतिया चार्ज अंतर्गत सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को निदेशित किया जाता है कि इस आदेश का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करें, अन्यथा उत्पन्न परिणामों के लिए स्वयं जिम्मेवार होंगे। गौरतलब है कि पिछले दिनों शहर के सैकड़ो शिक्षकों द्वारा नगर निगम के गेट पर और शिक्षक कार्यालय में जाकर मार्क ऑन को लेकर प्रदर्शन किया गया था। जिसमें शिक्षा विभाग के सुबह के समय विद्यालय जाने के आदेश का विरोध किया गया। अब नगर निगम के आयुक्त के आदेश के बाद से शिक्षकों की मांग पूरी हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


