दस साल बाद भी बस स्टैंड के लिए भूमि की तलाश अधूरी, लग रहा जाम
बगहा में स्थायी बस स्टैंड की कमी ने यातायात की सबसे बड़ी समस्या खड़ी कर दी है। पिछले 10 वर्षों से प्रशासन जमीन की तलाश में है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। यात्रियों को सड़कों पर बसों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे जाम और कई समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

बगहा कहने को तो तेजी से विकसित शहरी क्षेत्र है। लेकिन हकीकत यह है कि स्थानीय प्रशासन एक दशक बाद भी बस स्टैंड के लिए जमीन नहीं तलाश सका है। शहर में स्थाई बस स्टैंड का नहीं होना आज यहां की सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। नतीजतन, उत्तर प्रदेश से लेकर वाल्मीकिनगर, हरनाटांड़ और बेतिया जाने वाली बसों के चालक अपनी गाड़ी को सड़कों पर ही खड़ी कर सवारी चढ़ाते हैं, जिससे मार्गों पर जाम लग जाते हैं। अलग-अलग रूट की बसें अलग-अलग जगहों पर खड़ी रहती हैं, जिससे यात्रियों को यह पता ही नहीं चल पाता कि कौन बस कहां से खुल रही है।
सबसे बुरा हाल बगहा रेलवे ढाला और मुख्य चौराहों पर रहता है। स्थानीय निवासी रुपेश कुमार, नितेश कुमार, इम्तेयाज अंसारी और विक्की पंडित बताते हैं कि बसें सड़क किनारे खड़ी होने से फुटपाथ पूरी तरह जाम हो जाता है। बरसात के दिनों में तो स्थिति और खराब रहती है। स्थायी स्टैंड नहीं होने के कारण यात्रियों के लिए न तो शौचालय की व्यवस्था है और न ही पेयजल की सुविधा है। इसके चलते महिला यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश होने पर यात्री भीगने को मजबूर रहते हैं। यह हाल सिर्फ बसों का ही नहीं है। शहर में टेंपो स्टैंड भी नहीं है। इसके चलते टेंपो चालक मुख्य चौराहों और सड़कों पर ही वाहन खड़ी कर सवारी चढ़ाने लगते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। आलोक गुप्ता और गुड्डू गुप्ता का कहना है कि जाम लगने के लिए प्रशासन की लापरवाही भी जिम्मेदार है। टेंपो संघ के लोगों का दावा है कि वे पार्किंग के नाम पर नगर प्रशासन को टैक्स देते हैं। लेकिन बदले में उन्हें सुरक्षित स्टैंड अब तक मयस्सर नहीं हुआ है। अनुमंडल प्रशासन ने कई बार नगर परिषद को स्टैंड निर्माण के निर्देश दिए, लेकिन योजना फाइलों में ही है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा का कहना है कि बस स्टैंड निर्माण के लिए बगहा-1 और बगहा-2 अंचल से भूमि का प्रस्ताव मांगा गया है। हालांकि, वे स्वीकार करते हैं कि पहले भी कई बार प्रस्ताव आए लेकिन तकनीकी कारण से काम शुरू नहीं हो सका। हाल ही में बगहा अंचल की ओर से भूमि प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिसे विभागीय स्तर पर अनुमोदन के लिए भेजा गया है। वहां से हरी झंडी मिलते ही निर्माण की दिशा में कवायद शुरू कर दी जाएगी। हालांकि अधिकारी भले ही अनुमोदन का इंतजार कर रहे हों, लेकिन धरातल पर जनता का धैर्य जवाब दे रहा है। 10 साल का समय किसी भी भूमि चयन प्रक्रिया के लिए पर्याप्त से ज्यादा है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या जनआंदोलन का इंतजार कर रहा है? जब तक स्थाई स्टैंड नहीं बनता, तब तक बगहा की सड़कों पर जाम, गंदगी और यात्रियों की बेबसी का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। सबसे अधिक परेशानी शहर के मुख्य चौराहे बगहा रेलवे ढाला पर होती है। जहां यूपी सहित बगहा के वाल्मीकिनगर, हरनाटांड़ व बेतिया के लिए बसें खुलती हैं। उधर, अनुमंडल प्रशासन द्वारा शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए कई बार टेंपो स्टैंड निर्माण को लेकर नगर प्रशासन से पहल करने कर चुका है। बावजूद नगर प्रशासन की ओर से टेंपो स्टैंड का निर्माण अभी तक नहीं कराया गया । शिकायतें: शिकायतें: 1. स्थायी स्टैंड के नहीं होने से सड़क किनारे यत्र-तत्र चालक बस खड़ी कर देते हैं। इससे रत्रियों को परेशानी होती है। 2. स्टैंड नहीं होने से यात्रियों को शेड से लेकर शौचालय तक का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 3. भीषण गर्मी, बारिश और ठंड में यात्री खुले आसमान के नीचे खड़े होकर बस व वाहनों का इंतजार करते हैं। 4. शहरी क्षेत्र में टेंपो के लिए स्टैंड व रुट निर्धारित नहीं है। इससे चालक समेत यात्रियों को परेशानी होती है। 5. शहर में सड़क के किनारे वाहन खड़ा होने से शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। सुझाव: 1. बस स्टैंड का निर्माण कराया जाया। इससे स्थायी रूप से सभी जगहों की बसें एक जगह लगेंगी। 2. बस स्टैंड के साथ शौचालय, रैन बसेरा आदि का निर्माण कराया जाय। यहां पानी की व्यवस्था की जाय। 3. यात्रियों के बैठने, धूप-गर्मी व बरसात से बचने के लिए शेड का निर्माण कराया जाय। 4. टेंपो के लिए स्टैंड का निर्माण कराने के साथ शहरी क्षेत्र में रुट का भी निर्धारण किया जाय। 5. बस स्टैंड का निर्माण कराने के साथ सख्ती से सड़क किनारे से वाहनों को हटाया जाय। नहीं हटाने पर कार्रवाई हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



