
छोटे भाई ने बड़े भाई को चाकू मार किया जख्मी
बेतिया के नौरंगाबाग में मामूली विवाद के चलते सफाई कर्मी प्रकाश मल्लिक को उसके छोटे भाई नंदकिशोर ने चाकू मारा। घटना शनिवार रात को हुई, और प्रकाश को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।
बेतिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। नगर के नौरंगाबाग में मामूली विवाद को ले नगर निगम के सफाई कर्मी प्रकाश मल्लिक (30) को उसके छोटे भाई नंदकिशोर मल्लिक ने चाकू मार जख्मी कर दिया है। घटना शनिवार की रात 10.30 बजे की है। उसे जीएमसीएच में भर्ती कराया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ.सुधा भारती ने बताया कि तीन घंटे तक ऑपरेशन कर उनकी जान बचायी गयी है। आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। अपर थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि प्रकाश मल्लिक को चाकू मारने के मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी। जीएमसीएच में मौजूद प्रकाश मल्लिक की पत्नी किरण देवी ने बताया कि उनके पति प्रकाश मल्लिक दो माह पूर्व मोहल्ले में चंदा मल्लिक के घर से हुए मारपीट के मामले में जेल गए थे।
तीन दिसंबर को वे जेल से छूटकर घर आए। इधर, विरोधी चंदा मल्लिक व उनके परिजन प्रकाश के छोटे भाई नंदकिशोर को मारपीट के लिए चढ़ा रहे थे। शनिवार की रात 10.30 बजे नंदकिशोर ने मारपीट शुरू की और प्रकाश मल्लिक के परिवार को घर से निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान चंदा मल्लिक, विशाल, दिलीप, अनिल समेत अन्य आरोपी वहां पहुंच गए। चंदा मल्लिक ने नंदकिशोर को चाकू देकर बोला कि इसे मार दो। चाकू लेकर नंदकिशोर ने बड़े भाई प्रकाश मल्लिक के पेट में घोप दिया। घटना को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




