
नाले में शौचालयों के पाइप पर भड़की मेयर
बेतिया की मेयर गरिमा देवी सिकारिया ने मुख्य नालों की मैनुअल उड़ाही का निरीक्षण किया। उन्होंने घरेलू शौचालयों के पाइप नालों में देखने पर कड़ी नाराजगी जताई और सफाई निरीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए।...
बेतिया, बेतिया कार्यालय। नगर निगम की मेयर गरिमा देवी सिकारिया ने बुधवार को क्षेत्र में जारी मुख्य नालों की मैनुअल उड़ाही का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दर्जनों घरेलू शौचालयों का पाइप नाला में निकला देखकर वह भड़क गई। उन्होंने स्थानीय वार्ड जमादार और सफाई निरीक्षक को सख्त लहजे में कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कृत्य मानक स्वच्छता और आम जनता के स्वास्थ्य के विरुद्ध आपराधिक कृत्य है। ऐसा करने वाले परिवारों की सूची बनाकर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।मेयर ने बताया कि प्राय: सभी मुख्य नालों का दोनों फ्लैंक का अतिक्रमण कर के पक्का निर्माण तक करा लिया गया है।

मुख्य नाले की जमीन का आधा से अधिक अतिक्रमण के कारण ही मानव बल से मैनुअल सफाई करानी पड़ रही है। वार्ड 11 में भी नगर थाना और लिबर्टी सिनेमा के समीप से स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का नाला बना कर जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाना अनिवार्य है। स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का मुख्य नाला निर्माण कार्य से पूर्व शहर के सभी मुख्य नालों पर से अतिक्रमण हटाकर स्लैब सहित मुख्य नाला निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को आम जनता के स्वास्थ और सुविधाओं के विकास से जुड़ा बताकर सहयोग की अपील की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




