कार्यालय के बाहर लगायें योजनाओं से संबंधित बोर्ड
कृषि विभाग की कार्यप्रणाली की जाँच के लिए भितहा में पंचायत कृषि कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने अभिलेखों और सरकारी योजनाओं की गहनता से पड़ताल की। भुईधरवा पंचायत के कार्यालय में स्थिति संतोषजनक पाई गई और किसानों को आवश्यक जानकारी के लिए सूचना बोर्ड भी लगा हुआ है।

चंद्रभूषण शांडिल्य भितहा। प्रखंड क्षेत्र में कृषि विभाग की कार्यप्रणाली को परखने के लिए शनिवार को पंचायत कृषि कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस क्रम में भुईधरवा पंचायत स्थित कृषि कार्यालय पर विशेष रूप से जांच की गई। अधिकारी ने कार्यालय के रख-रखाव, अभिलेखों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सामग्रियों की गहनता से पड़ताल की। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर, उपस्थिति पंजी, किसान भ्रमण पंजी समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का मिलान किया गया। सभी रजिस्टर अद्यतन पाए गए और उपलब्ध सामग्री भी रिकॉर्ड के अनुरूप मिली।
स्थानीय स्तर पर यह शिकायत सामने आई थी कि आम लोगों को कृषि कार्यालय की स्थिति और उसके संचालन के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। हालांकि निरीक्षण में पाया गया कि कार्यालय के बाहर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाया गया है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सकती है। इससे कई शिकायतें निराधार साबित हुईं। निरीक्षण के बाद अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि कृषि विभाग किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही उसकी जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाती है। इस निरीक्षण में भुईधरवा समेत अन्य पंचायत कृषि कार्यालयों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई है। मौके पर पंचायत समिति सदस्य रणजीत मिश्रा, मुकेश पटेल, उदय पटेल, अनुज पांडेय और वार्ड सदस्य हरेश साह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी से फीडबैक लेकर भविष्य में और बेहतर सेवाएं देने का भरोसा दिलाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


