‘नपं ने रॉग नंबर डायल कर दिया’
चनपटिया के विधायक अभिषेक रंजन ने नगर पंचायत चनपटिया में भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि नगर की छवि धूमिल करने का मामला जनता को तय करना है। नपं के प्रशासन के खिलाफ समर्थकों ने नारेबाजी की। विधायक ने कहा कि मैं भ्रष्टाचारियों को नहीं बख्शूंगा और हर फाइल की जांच कराऊंगा।

चनपटिया, नगर संवाददाता। सरकार के समक्ष नगर पंचायत चनपटिया के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने से नगर की छवि धूमिल हुई है या नहीं, यह तय करने वाली नगर और विधानसभा की जनता है। नपं के द्वारा छवि धूमिल करने वाली विषय को सामान्य बोर्ड की बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल करना विधायक के विशेषाधिकार के हनन का मामला है। ईओ ने गैर जिम्मेदाराना चिट्ठी पर अपना हस्ताक्षर किया है। मैं चुप नहीं रहूंगा, गड़बड़िया भी नहीं होने दूंगा। नपं ने रॉंग नंबर डायल कर दिया है। उक्त बातें चनपटिया के विधायक अभिषेक रंजन ने शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा।
विधायक के साथ उनके सैकड़ों समर्थक भी नपं कार्यालय में मौजूद थे। इस दौरान समर्थकों ने नपं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। विधायक श्री रंजन ने सभागार में हिंदुस्तान अखबार में छपी खबर को लहराते हुए कहा कि नपं की गिरती स्वच्छता रैंकिंग को इस दैनिक समाचार पत्र ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसे मैंने सरकार के समक्ष भी रखा है। उन्होंने कहा कि मैंने सरकार के समक्ष चनपटियावासियों के हित में कई मामलों को उठाया है। नपं के माननीयों को चाहिए कि वे सांसद, विधायक एवं विधान पार्षद से सहयोग लेकर क्षेत्र के विकास में जुटें, लेकिन नगर पंचायत में उल्टी गंगा बह रही है। जनता के टैक्स के पैसों को किसी सूरत में लूटने नहीं दूंगा, भ्रष्टाचारियों को एक-एक पैसे का हिसाब देना ही होगा। नपं में हुए भ्रष्टाचार की एक-एक फाइल को खुलवाऊंगा। इस दौरान विधायक ने उप मुख्य पार्षद की मौजूदगी में नपं कार्यालय में आवेदन भी सौंपा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


