
जमुई में ट्रेन की AC बोगी में हथियारों से भरा बैग मिला; यूएस मेड पिस्टल, कारतूस बरामद, मचा हड़कंप
जमुई में मौर्या एक्सप्रेस की एससी बोगी में हथियारों से भरा बैग मिलने से हड़कंप मच गया। जिसमें यूएस मेड लिखी पिस्टल, खाली मैगजीन और 19 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बिहार के जमुई में मौर्य एक्सप्रेस में सवार एक यात्री की सूचना पर रेल पुलिस ने ट्रेन की एसी बोगी से हथियार और कारतूस से भरा बैग बरामद किया है। बरामदगी बुधवार की देर रात 15028 डाउन मौर्य एक्सप्रेस की AC बोगी A-1 से की गई है। जानकारी के मुताबिक असलहों से भरे पिट्ठू बैग में खाली मैग्जीन लगी दो देसी पिस्टल और दो अतिरिक्त खाली मैग्जीनों के अलावा 18 जिंदा कारतूस और एक मिसफायर हुआ कारतूस मिला है। हैरान करने वाली बात यह है कि एक पिस्टल की मैग्जीन में ‘मेड इन यूएसए’ यानि अमेरिका में निर्मित लिखा पाया गया है। तो,वहीं बैरल पर ‘ऑनली आर्मी सप्लाई’ यानि सिर्फ सेना को आपूर्ति किए जाने की बात लिखी पाई गई है।
ऐसे में ट्रेन से हथियारों की तस्करी के साथ-साथ,अमेरिका में निर्मित मैग्जीन और फौज को आपूर्ति वाले बैरल का मिलना भी अचंभे में डालने वाली घटना है। झाझा के रेल थानाध्यक्ष बृंद कुमार ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार की रात हवलदार रजनीश कुमार और सिपाही ओम प्रकाश कश्यप डाउन की मौर्य एक्सप्रेस को किऊल से जसीडीह के लिए एस्कॉर्ट करके ले जा रहे थे।
ट्रेन के जमुई स्टेशन पहुंचने पर जब एस्कॉर्ट पार्टी एसी बोगी A-1 में पहुंचे तो वहां बर्थ नंबर- 29 पर सवार यात्री ने एस्कॉर्ट पार्टी को बताया कि बर्थ के नीचे एक काले रंग का बैग काफी वक्त से पड़ा है। जवानों द्वारा बोगी में सवार अन्य यात्रियों से पूछताछ में सभी ने नकार दिया। ऐसे में जवानों ने घटना की सूचना मोबाइल से झाझा के रेल थानाध्यक्ष को दी। बाद में रात करीब सवा दस बजे ट्रेन के झाझा स्टेशन पहुंचने पर एस्कॉर्ट पार्टी द्वारा जब्त कर लाई गई। बैग की रेल थाना में तलाशी लिए जाने पर उसमें से सारे असलहे मिले।
रेल थानाध्यक्ष बृंद कुमार ने बताया कि लावारिस हाल में मिले असलहों से भरे बैग के मामले में अज्ञात के विरूद्ध कांड सं.126/25 दि.11.12.25 दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। वैसे ध्यान रहे कि ट्रेन से हथियारों की तस्करी यह पहला मामला नहीं है इससे पहले निर्मित,अर्द्धनिर्मित असलहों की बरामदगी के मामले सामने आते रहे हैं। जिस मौर्य एकसप्रेस से ताजा बरामदगी हुई है वह यूपी के गोरखपुर से ओडिशा के संबलपुर तक जाती है। ऐसे में ये हथियार कौन और कहां लेकर ट्रेन में सवार हुआ था और कहां और किस मकसद से डिलेवरी की जानी थी, ये तमाम पहलू गहन जांच का विषय हैं।





