
पुल निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर विरोध प्रदर्शन-पेज-4, संशोधित
कुटुंबा प्रखंड के मोहन बिगहा गांव के पास बटाने नदी में 16 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है पुल
कुटुंबा प्रखंड के मोहन बिगहा गांव के पास बटाने नदी पर बन रहे पुल में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने गुरुवार को हंगामा किया। मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना के तहत लगभग 16 करोड़ की लागत से यह पुल बनाया जा रहा है। इसका कांट्रैक्ट कुमार एंड राय कंस्ट्रक्शन को मिला है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी नदी से अवैध खनन कर मिट्टी युक्त बालू निकाल रही है और इसे बेस कैंप पर स्टॉक कर पुल निर्माण में लगाने की तैयारी है। ग्रामीणों ने कहा कि घटिया सामग्री के उपयोग से पुल की मजबूती कम होगी और भविष्य में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा।
आम लोगों को जान-माल का नुकसान झेलना पड़ सकता है, इसलिए वे किसी भी कीमत पर घटिया निर्माण नहीं होने देंगे। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत खनन विभाग को भी दी। सूचना पर रिसियप पुलिस और खनन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने संवेदक को फटकार लगाते हुए नदी से बालू उठाव रोकने का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष संजीत राम ने कहा कि अभी खनन विभाग से कोई औपचारिक निर्देश नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। रिसियप पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पुट्टू यादव ने बताया कि पुल निर्माण स्थल के पास ही पूर्व दिशा में बालू खनन हो रहा है, जबकि इसी जगह के पास छठ पूजा के दौरान अस्थायी घाट बनता है जहां सैकड़ों लोग पूजा करते हैं। बालू उठाव से लोगों को परेशानी हो सकती है। ग्रामीणों ने गुणवत्तापूर्ण पुल निर्माण की मांग की है। स्थल पर मौजूद संवेदक अनुज कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल डायवर्सन बनाने का कार्य चल रहा है। नदी में खुदाई होने पर बालू निकलना स्वाभाविक है, जिसे पास में ही रखा गया है। ग्रामीणों को गलतफहमी हो गई है कि इसी बालू का उपयोग पुल निर्माण में किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ग्रामीण काम मांगने आए थे और मना करने पर साजिश के तहत हंगामा किया गया। विदित हो कि इस पुल से कुटुंबा, नवीनगर और बारुण प्रखंड के लोगों की आवागमन की सुविधा बढ़ेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




