
मकान-दुकान तोड़े जाने पर औरंगाबाद कलेक्ट्रेट का हुआ घेराव
औरंगाबाद, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। कुटुंबा प्रखंड के सिमरा, मनसारा गांव के लोगों ने मंगलवार को औरंगाबाद कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रशासन पर मनमानी कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए यहां जमकर नारेबाजी की...
कुटुंबा प्रखंड के सिमरा, मनसारा गांव के लोगों ने मंगलवार को औरंगाबाद कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रशासन पर मनमानी कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए यहां जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन कर रहे नीतीश कुमार, अमित कुमार, छोटू कुमार, श्रीराम कुमार, शिव शंकर साव, निशांत कुमार, सूर्यदेव चौहान, विमलेश पांडे, विनोद चौहान, दीपक कुमार, गोविंद गुप्ता, अभिषेक कुमार, राहुल कुमार, मिथिलेश, अंबिका लाल, लालदेव बैठा, आशीष चौहान, घनश्याम कुमार, उमेश साव, पप्पू कुमार आदि ने आरोप लगाया कि उन्हें बेरोजगार करने की साजिश रची गई है। कहा कि वे लोग दुकान चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। दुकान लगाने के लिए जगह चिन्हित करके देने की जरूरत है।
बाजार समिति बनाकर जो भी फुटपाथी व्यवसायी हैं, उन्हें जगह दी जाए। कुछ दिनों पूर्व से स्थानीय पदाधिकारी बिना नोटिस दिए उनके मकान को तोड़ रहे हैं। कई मकान इंदिरा आवास से बने हुए थे जिन्हें तोड़ दिया गया है। कहा कि न्यायालय ने जो आदेश दिया गया था, उसके आलोक में कार्रवाई नहीं हो रही है बल्कि अधिकारी मनमाने तरीके से कार्रवाई कर रहे हैं। वे लोग बड़ी मुश्किल से अपने जीवन यापन में लगे हुए हैं और इस तरह की कार्रवाई कर उन्हें बेघर करने का प्रयास हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि हाई कोर्ट के स्तर से दिए गए निर्देश के आलोक में कार्रवाई नहीं हो रही है बल्कि मिली भगत कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। आखिर वे लोग कहां जाएंगे। कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए राज्य सरकार, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। विदित हो कि प्रशासन ने अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




