छात्रों ने बनाया पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का स्केच
पीएम श्री मिडिल स्कूल में पूर्व पीएम के निधन पर शोक सभा, शिक्षकों ने दी पूर्व पीएम के बारे में जानकारी
कुटुंबा के पीएम श्री मिडिल स्कूल में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधर पर शोक सभा का आयोजन किया गया। शिक्षक व छात्रों ने मौन रखकर उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि दी। प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर प्रसाद साहू ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को हुआ था और उनका निधन 26 दिसंबर 2024 को हुआ। वे भारत के 13वें प्रधानमंत्री थे। वे प्रख्यात अर्थशास्त्री भी थे। वे पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद भारत के पहले ऐसे प्रधानमन्त्री बने, जिन्होंने लगातार दो कार्यकाल तक प्रधानमंत्री के पद को सुशोभित किया। इसके पहले वे देश के वित्त मंत्री भी रह चुके थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में देश में आर्थिक सुधार की नीति लागू की। उनकी आर्थिक नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई थी। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी और दिल्ली स्कूल ऑफ़ इकॉनॉमिक्स में प्रोफेसर के पद पर कार्य किया था। वे वित्त मंत्रालय में सचिव, योजना आयोग के उपाध्यक्ष, आरबीआई के गवर्नर, प्रधानमंत्री के सलाहकार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष भी रहे। विद्यालय के छात्र रजनीकांत, प्रिया कुमारी और आफरीन ने दिवंगत प्रधानमंत्री का चित्र बनाया जबकि भरत कुमार तिवारी ने उनकी जीवनी पर आलेख लिखा। इस मौके पर शिक्षिका रीता कुमारी, सत्येंद्र सिंह, कमाल फातमा, सतीश कुमार सिंह, संगीता कुमारी, शिक्षा सेवक गोपाल चौधरी आदि थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।