घर से बाहर रहने वाले लोगों के घरों को निशाना बना रहे हैं चोर

Jan 14, 2026 10:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, औरंगाबाद
share Share
Follow Us on

अलग-अलग दर्ज हुई प्राथमिकी, लाखों रुपए के जेवर चोरों ने उड़ाए टित हुई हैं लेकिन पुलिस को उसमें कोई सफलता नहीं मिल पाई है। नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 के गायत्री नगर मुह

घर से बाहर रहने वाले लोगों के घरों को निशाना बना रहे हैं चोर

जरूरी कार्यों से घर छोड़कर बाहर जा रहे लोगों के घरों पर चोरों की नजर है। औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में चोरी की दो घटनाएं घटित हुईं। इन दोनों मामलों में लाखों रुपए के जेवर की चोरी कर ली गई। अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। इससे पहले भी नगर थाना क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं घटित हुई हैं लेकिन पुलिस को उसमें कोई सफलता नहीं मिल पाई है। नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 के गायत्री नगर मुहल्ला निवासी विनोद कुमार सिंह के पुत्र राहुल कुमार सिंह ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज करा दी है।

उन्होंने बताया है कि 12 जनवरी को सुबह में उनके पड़ोसी भोला कुमार सिंह ने फोन पर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने इसकी जानकारी नगर थाना पुलिस को दी। राहुल कुमार सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से माली थाना के बगाही गांव के रहने वाले हैं। सूचना मिलने पर एक घंटे के बाद पहुंचे तो पुलिस भी पहुंच चुकी थी। घर में प्रवेश करने पर मिलान किया गया। दो कमरे में रखे गए सोने के सारे गहने जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए से अधिक थी, चोरी कर ली गई। इसके अलावा डेढ़ लाख रुपए नगद की चोरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि घर के सभी सदस्यों का नाम नगर थाना में दहेज हत्या की प्राथमिकी में दर्ज है। केवल उनका नाम इस प्राथमिकी में नहीं है। पुलिस के डर से घर पर लोग नहीं रहते हैं। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि दहेज हत्या का केस करने वाले माली थाना के चैनपुर गांव निवासी कृष्णा सिंह के पुत्र राजू सिंह के परिवार को पता था कि उन्होंने अपनी पुत्री को दहेज में क्या दिया है और गहने कहां रखे गए थे। इसकी जानकारी उनके पास थी। औरंगाबाद नगर थाना के वार्ड नंबर-5 के नागा बीघा, गली नंबर 2 निवासी मृत्युंजय सिंह के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। 12 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृत्युंजय सिंह के द्वारा कहा गया है कि 7 जनवरी की रात्रि में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। वह 28 नवंबर 2025 से आवश्यक कार्य को लेकर दिल्ली चले गए थे। चोरी की सूचना उन्हें पड़ोसी द्वारा दी गई। 10 जनवरी को दिल्ली से वापस लौटे। उनके घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर आदि की चोरी कर ली गई। इसका मूल्य लगभग सात लाख रुपए है। 15 हजार रुपए भी अलमीरा से निकाल लिए गए थे। इसके अलावा दीवान पलंग में रखे गए पीतल और कांसे के बर्तन भी चोर लेकर चले गए। चोरी गए सोने के आभूषणों में एक मंगलसूत्र, एक हार, दो अंगूठी, चार टॉप्स, दो जोड़ी पायल, पांच चांदी के सिक्के आदि शामिल हैं। इस संबंध में नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी दर्ज हुई है। मामले की छानबीन पुलिस कर रही है। ------------------------------------------------------------------------------------------- कई घरों को चोरों ने बनाया निशाना ------------------------------------------------------------------------------------------- मुफस्सिल थाना के मधुवन विहार कॉलोनी, जागृति विहार कॉलोनी, शांति विहार कालोनी, रतनुआ पोखरा के पीछे रहने वाले घरों को चोरों ने निशाना बनाया। दिसंबर माह में आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं घटित हुई लेकिन पुलिस किसी का भी खुलासा नहीं कर सकी। लाखों रुपए के जेवर चोरों ने चुरा लिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;