ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार औरंगाबादकलश विसर्जन के दौरान डूबे बच्चे का शव बरामद

कलश विसर्जन के दौरान डूबे बच्चे का शव बरामद

एक दिन बाद बरामद किया गया शव ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा लक के पास पटना मुख्य कैनाल में कलश विसर्जन के दौरान एक बच्चा डूब...

कलश विसर्जन के दौरान डूबे बच्चे का शव बरामद
हिन्दुस्तान टीम,औरंगाबादSat, 16 Oct 2021 09:20 PM
ऐप पर पढ़ें

ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा लक के पास पटना मुख्य कैनाल में कलश विसर्जन के दौरान एक बच्चा डूब गया। मृतक की पहचान तेजपुरा निवासी जितेंद्र प्रजापति के 10 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार को नवमी के दिन घर के बगल के ही शिवदेनी प्रजापति कलश डुबाने को लेकर पटना कैनाल में गए थे। उसी दौरान मृतक अपने पांच दोस्तों के साथ चला गया। कलश डुबाने के दौरान सभी बच्चे कैनाल में नहाने लगे। इसी बीच प्रीतम गहरे पानी में चला गया जिससे डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। उसके साथ गए बच्चों ने इसकी सूचना परिजनों एवं ग्रामीणों को दी। ग्रामिणों के द्वारा खोजबीन की गई लेकिन बच्चे का शव बरामद नहीं हो सका जिसके बाद इसकी सूचना ओबरा सीओ अमित कुमार एवं प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह को दी गई। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोर से काफी खोजबीन करवाई लेकिन अधिक पानी होने के कारण शव बरामद नहीं हो सका। सिंचाई विभाग से संपर्क कर मुख्य कैनाल के फाटक को बंद कराया गया तब जाकर शनिवार को दाउदनगर के बेलहडीया गांव के पास झाड़ी से लोगों ने शव को बरामद किया। जैसे ही शव बरामद हुआ, लोगों ने दाउदनगर-बारूण सड़क को जाम कर मुआवजा की मांग शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक सड़क को जाम रखा गया। सूचना पर दोनों अधिकारियों ने पहुंचकर आश्वासन दिया कि आपदा राहत के तहत परिजनों को चार लाख रूपए का चेक दिया जायगा। इसके बाद लोग माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेजा गया। मृतक के परिवार में माता पुष्पा देवी एवं दो भाई शामिल हैं। मृतक तीन भाईयों में दूसरे स्थान पर था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें