
जहां कभी नक्सलियों की थी बादशाहत, वहां जमकर पड़े वोट
सुरक्षा बलों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ चुनाव प्शन- बारुण प्रखंड के अदमारस्तीपुर मतदान केन्द्र पर मौजूद सुरक्षा बल औरंगाबाद, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। औरंगाबाद
औरंगाबाद जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मंगलवार को जमकर मतदान हुआ। केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में किसी तरह का हंगामा या गड़बड़ी नहीं हुई। सभी मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया। देव प्रखंड अंतर्गत आने वाले ज्यादातर मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बल चौकस थे। मतदान केंद्र के अलावा विभिन्न रास्तों पर एसएसबी, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ आदि जवान लगाए गए थे और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान होता हुआ दिखा। स्थानीय लोगों ने बताया कि बनुआ, खैरा, दुलारे, भंडारी, कंचनपुर, पड़रिया, अजब बीघा सटवट सहित कई गांव में नक्सलियों की पहुंच होती थी और इस इलाके में मतदान का प्रतिशत बढ़ता एक बड़ी चुनौती थी।
सुरक्षा बलों की मौजूदगी में न सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हो रहा था बल्कि लोग भी उत्साह के साथ यहां शामिल हो रहे थे। ना तो यहां कहीं नक्सलियों की चेतावनी दिखी और ना ही कहीं कोई उपस्थिति ही नजर आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति निर्भीक होकर मतदान केंद्र पर पहुंच रहा है और अपने मत का इस्तेमाल कर रहा है। कहीं कोई परेशानी नहीं है। औरंगाबाद जिले में मतदान केन्द्रों पर 101 कंपनियां लगाई गई हैं। जिले में 2279 मतदान केन्द्रों पर मतदान संपन्न कराया गया और इसमें कहीं कोई परेशानी नहीं हुई। विदित हो कि वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव के दौरान ही देव प्रखंड के पचौखर के समीप सिलेंडर ब्लास्ट में आठ लोगों की जान चली गई थी जिसमें सात बच्चे थे। विधानसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों ने एक सिलेंडर बम बरामद किया था। उसे वहीं पर छोड़ दिया गया था जो अगले दिन यहां फट गया था। इस बार पचौखर में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान होता दिखा। नक्सल इलाकों में बुलेट पर बैलेट भारी, भयमुक्त हुआ मतदान मदनपुर, एक संवाददाता। रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के मदनपुर प्रखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में इस बार बुलेट पर बैलेट भारी पड़ा। मतदाता उत्साह और उमंग के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और शांति से वोट डाला। कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जुडाही मतदान केंद्र संख्या 416 पर ईवीएम खराब होने से करीब आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा, लेकिन तकनीकी टीम ने तुरंत मशीन ठीक कर दी और मतदान पुनः शुरू हुआ। सिरौंधा बूथ संख्या 419 पर पहली बार मतदान करने पहुंची रिंकी कुमारी ने कहा कि वे विकास के मुद्दे पर वोट देने आई हैं। मुंशी बिगहा के कुंडिल कुमार, चंदन कुमार और रौशन गुप्ता ने भी यही बात दोहराई। बादम बूथ संख्या 420 पर बीस साल बाद लोगों ने वोट डाला। बीडीओ डॉ. अवतुल्य कुमार आर्य ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ। किसी भी केंद्र से गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली। जोनल मजिस्ट्रेट गंगाधर महतो ने बताया कि मतदाता सुबह छह बजे से ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ और शांति से चलता रहा। मदनपुर प्रखंड मुख्यालय के अनुग्रह उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुलाबी आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था, जहां सभी मतदानकर्मी महिलाएं थीं। वहीं जयप्रभा उच्च माध्यमिक विद्यालय को आदर्श केंद्र बनाया गया था। थाना अध्यक्ष राजेश कुमार और बीडीओ ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती थी, जिससे मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




