
इलाज के दौरान गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अधेड़ की मौत
डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, डॉक्टर ने लापरवाही से किया इंकार मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और चिकित्सक सहित स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही
गोह प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को इलाज के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान उपहारा थाना क्षेत्र के तेयाप गांव निवासी 58 वर्षीय महेश यादव के रूप में की गई है। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और चिकित्सक सहित स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही गोह थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने ब्लड जांच रिपोर्ट दिए बिना ही इंजेक्शन दे दिया, जिसके तुरंत बाद उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र अंबडेकर यादव ने बताया कि उनके पिता मंगलवार को गांव में मतदान करने के बाद पैर के पुराने जख्म का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इंजेक्शन लगने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। चिकित्सक को जानकारी देने पर उन्होंने मरीज को रेफर कर दिया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में शव रखकर दोषी डॉक्टर और कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और एक स्वास्थ्यकर्मी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इस मामले में आरोपित चिकित्सक डॉ. अमिनेश कुमार ने लापरवाही के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि मृतक को केवल जख्म की ड्रेसिंग और सामान्य इंजेक्शन दिया गया था। संभव है कि मरीज को पहले से कोई गंभीर बीमारी रही हो। उन्होंने बताया कि मृतक डायबिटीज के मरीज थे। समाचार भेजे जाने तक शव अस्पताल में ही रखा था और पुलिस बल विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




