एनएच-19 पर गैस सिलेंडर लदी गाड़ी की टक्कर से प्रभारी प्रधानाध्यापक की मौत- पेज 3 लीड
बीमार बेटी को इलाज के लिए ले जाते समय एनएच-19 पर ट्रक की टक्कर से घायल हुए शिक्षक, गया ले जाने के दौरान तोड़ा दम सस स स स सस स सस

मदनपुर थाना क्षेत्र के दर्जी बिगहा पतेया मोड़ के समीप गुरुवार को एनएच-19 पर सड़क दुर्घटना में एक शिक्षक की मौत हो गई। मदनपुर प्रखंड के बादम प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं बंगरे निवासी सुरेश मेहता के 35 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार मेहता अपनी बीमार बेटी को बाइक से इलाज के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में गैस सिलेंडर से लदे एक ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया।
गया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी संगीता देवी, दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतक शिक्षक के आश्रित परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाएगी तथा सरकार के नियमों के अनुसार मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षकों ने शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं बीडीओ डॉ. अवतुल्य कुमार आर्य ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। शिक्षक की मौत से लोगों में आक्रोश शिक्षक प्रमोद कुमार मेहता की मौत के बाद बंगरे गांव सहित दक्षिणी उमगा पंचायत के ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मदनपुर से औरंगाबाद के बीच में कई जगहों पर बाइपास का निर्माण कराया गया है, लेकिन दर्जी बिगहा मोड़ को इस योजना से वंचित कर दिया गया। मदनपुर बाजार स्थित दर्जी बिगहा मोड़ दक्षिणी उमगा पंचायत का प्रमुख और एकमात्र संपर्क मार्ग है, जिससे होकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। दर्जनों गांवों के हजारों लोग यहां खरीदारी करने आते हैं। दर्जी बिगहा मोड़ पर प्रत्येक वर्ष कई सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें लोगों की जान चली जाती है इसलिए यहां पर बाइपास का निर्माण करने की जरूरत है। -------------------------------------------- सड़क हादसे में गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र समेत तीन गंभीर घायल अंबा, संवाद सूत्र। अंबा थाना क्षेत्र के परसावां बिगहा गांव के समीप एनएच-139 पर गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के परसावां गांव निवासी गल्ला व्यवसायी नंदकिशोर साव, उनके पुत्र रंजन कुमार तथा परसावां बिगहा निवासी आयुष कुमार के रूप में हुई है। आयुष बाइक से अपनी बुआ को अंबा बस स्टैंड छोड़कर घर लौट रहा था, जबकि नंदकिशोर साव अपने पुत्र के साथ लूना से बभंडीह खेल मैदान के सामने स्थित अपनी गल्ला दुकान खोलने जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घायलों को बचाने के प्रयास में औरंगाबाद से अंबा की ओर जा रहा एक ऑटो चालक अचानक ब्रेक लगाने पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया। इस घटना में ऑटो सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल भेजा। अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सक आयुष की स्थिति पर विशेष निगरानी रखे हुए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


