शिक्षा विभाग के भवन निर्माण को अनुग्रह इंटर कॉलेज में देखी जमीन, युवा

Jan 13, 2026 09:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, औरंगाबाद
share Share
Follow Us on

औरंगाबाद के पूर्व सांसद और एमएलसी ने किया निरीक्षण, भूमि की मापी कराने का निर्देश स स स स स स स स स स स स स स स स स स स स स

शिक्षा विभाग के भवन निर्माण को अनुग्रह इंटर कॉलेज में देखी जमीन, युवा

औरंगाबाद के अनुग्रह इंटर कॉलेज (गेट स्कूल) में जिला शिक्षा विभाग का भवन बनाए जाने को लेकर मंगलवार को विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सह एमएलसी दिलीप कुमार सिंह, औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने अनुग्रह इंटर विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया और जगह देखी। प्रधानाध्यापक के प्रशिक्षण में जाने की स्थिति में शिक्षकों ने उपलब्ध जगह की जानकारी दी। बताया गया कि जिला शिक्षा भवन के निर्माण के लिए जगह नहीं मिल रही है। गेट स्कूल में पर्याप्त जगह उपलब्ध है। यदि इसके एक सिरे पर लगभग छह कट्ठा जमीन मिल जाए तो 100 गुणा 85 फीट में भवन का निर्माण हो जाएगा।

इसके लिए पूर्व में टेंडर निकला था लेकिन जमीन की समस्या के कारण वह रद्द हो गया है। जगह नहीं मिलने के कारण परेशानी हो रही है। विद्यालय प्रबंधन के द्वारा जानकारी दी गई कि यहां पर मॉडल स्कूल भवन का भी निर्माण होना है। उसके लिए भी कई एकड़ जमीन की आवश्यकता है। यहां मौजूद जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद को निर्देश दिया गया कि वह पहले उपलब्ध जमीन की मापी करा लें। पूर्व में यहां 23 एकड़ से अधिक जमीन थी। काफी हिस्से का अतिक्रमण हुआ है। उसे ध्यान में रखते हुए मापी की प्रक्रिया पूर्ण कर लें। उसके बाद कोई निर्णय लें। मॉडल विद्यालय भवन के निर्माण के लिए जगह देखने के बाद जिला शिक्षा विभाग के भवन के लिए जगह देख लें। यदि दोनों का निर्माण आसानी से हो जाता है तो सहूलियत होगी। विद्यालय परिसर की जमीन के अतिक्रमण को लेकर भी चर्चा हुई। पूर्व सांसद ने कहा कि यह विद्यालय जिले की संपत्ति है और इसका संरक्षण आवश्यक है। विद्यालय में मौजूद शिक्षकों ने बताया कि गेट स्कूल का खेल मैदान अब केवल बाहरी इस्तेमाल में आ रहा है और विद्यालय के बच्चों को सहूलियत नहीं मिलती है। उन्हें खेलने में दिक्कत होती है। विद्यालय की जमीन पर ही इंडोर स्टेडियम का भी निर्माण हुआ है लेकिन उसके संचालन में भी विद्यालय की कोई भूमिका नहीं है। यहां के बच्चे खेलने के लिए जगह को तरसते हैं। इस अवसर पर पूर्व उपप्रमुख मनीष कुमार पाठक, रवींद्र शर्मा, विनोद सिंह, मृत्युंजय सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे। स्वच्छता पर ध्यान देने का निर्देश अनुग्रह इंटर कॉलेज की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। परिसर में फ्लाई ऐश भरने से उड़ने वाली धूल को लेकर नाराजगी जताई गई। पूर्व सांसद ने कहा कि इससे काफी परेशानी होती है। यहां किसी भी परिस्थिति में फ्लाई ऐश को नहीं भरा जाना चाहिए था। दूसरी ओर शौचालय में पसरी गंदगी को लेकर भी आश्चर्य व्यक्त किया गया। कहा कि जब साफ-सफाई के लिए राशि उपलब्ध होती है तो उसकी व्यवस्था होनी चाहिए। कहा गया कि यह हेरिटेज भवन में शामिल है और इसको ध्यान में रखते हुए इसका संरक्षण किया जाए। जो पुराने भवन टूट रहे हैं, उनकी जगह बनने वाले नए भवन का नामकरण पुराने लोगों के नाम पर ही किया जाए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।