हसपुरा में बारिश से जगह-जगह जलजमाव
बारिश के बाद प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर जलजमाव प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हुई करीब एक घंटे की झमाझम बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। व

हसपुरा प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हुई करीब एक घंटे की झमाझम बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। वहीं दूसरी ओर बदहाल जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी। बारिश के बाद प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर जलजमाव होने से आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से कई मुख्य सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं।
जल निकासी की समस्या
स्थिति यह है कि पुरानी थाना रोड में नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं सिनेमा रोड की स्थिति और भी दयनीय है। यहां नाली का निर्माण नहीं होने और सड़क जर्जर होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया है। यह समस्या पिछले एक दशक से बना हुआ है। रेफरल अस्पताल रोड स्थित देवी स्थान जाने वाली सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों की मांग
सबसे खराब स्थिति नरसन रोड की है जहां नाली जाम होने और क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण बारिश के साथ-साथ नाली का गंदा पानी भी सड़क पर बह रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। डा. अरविंद कुमार साधू, डा.विकास कुमार, डा. अरविंद कुमार, डा. उपेंद्र कुमार समेत दर्जनों स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और नई नालियों का निर्माण कराया जाए, ताकि जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके।


