
नवीनगर में अवैध क्लीनिक और दवा दुकानों पर छापेमारी
चार प्रतिष्ठान हुए सील, सदर अस्पताल का कर्मी मेडिकल दुकान में जांच करते हुए मिला मेडिकल दुकान में जांच करते हुए मिला डीएम श्रीकांत शास्त्री और सिविल सर्जन के निर्देश पर हुई कार्रवाई फोटो- 4
नवीनगर में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और मेडिकल स्टोर पर बड़ी कार्रवाई की। डीएम श्रीकांत शास्त्री और सिविल सर्जन के निर्देश पर बीडीओ अरुण कुमार सिंह, रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम ने नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 में जनकपुर पोखरा से शनिचर बाजार जाने वाली सड़क के पास संचालित दो क्लीनिक और दो मेडिकल दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के अवैध क्लीनिक और मेडिकल संचालकों में हड़कंप मच गया।

कई संचालक दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार ने बताया कि छापेमारी में वसीम क्लीनिक, अयान मेडिकल, शमां मेडिकल और शमां मेडिकल परिसर में संचालित अवैध लैब को सील किया गया है। उन्होंने बताया कि शमां मेडिकल में औरंगाबाद सदर अस्पताल के लैब टेक्नीशियन नागेंद्र राम द्वारा अवैध जांच की जा रही थी। छापेमारी के दौरान बरामद सभी सामानों की जब्ती सूची बनाई गई। अभियान में एसआई संजय कुमार, हेल्थ मैनेजर संतोष कुमार, प्रधान लिपिक मुकेश कुमार सिंह, सुनील कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और पुलिस बल शामिल थे। ---------------------------------------------------------------------------------------------------------- गोह अस्पताल में वर्षों से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद, मरीज परेशान गोह, संवाद सूत्र। गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कई वर्षों से अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे क्षेत्र के मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में एक्स-रे, सीबीसी, यूजीसी सहित कई जांचें हो रही हैं, लेकिन महत्वपूर्ण अल्ट्रासाउंड सेवा पूरी तरह ठप है। अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को मजबूरन निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है। सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का दावा करती है, लेकिन सरकारी अस्पताल की बदहाल व्यवस्था के कारण लोगों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा बहाल करने की मांग कई बार विधायक, सांसद और विभागीय वरीय अधिकारियों के समक्ष रखी गई, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। हाल ही में विभाग द्वारा अभियान चलाकर प्रखंड में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों को भी सील कर दिया गया। अब स्थिति यह है कि मरीजों को सिर्फ अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 44 किलोमीटर दूर गया, 30 किलोमीटर दूर दाउदनगर या अन्य शहरों तक जाना पड़ रहा है। इससे समय भी अधिक लग रहा है और खर्च भी बढ़ रहा है। कई गरीब मरीज आर्थिक तंगी के कारण अल्ट्रासाउंड नहीं करा पा रहे हैं। प्रखंड के प्रबुद्धजनों ने स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों से गोह स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




