
पुलिस-जनता संवाद में मिली शिकायत पर प्राथमिकी का आदेश
नगर थाना में संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन, जमीन विवाद के सर्वाधिक मामले पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनते एसपी अम्बरीष राहुल फोटो- 17 दिसंबर एयूआर 16 कैप्शन- औरंगाबाद नगर थाना में
औरंगाबाद नगर थाना में बुधवार को पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी गई। औरंगाबाद के एसपी अम्बरीष राहुल यहां मौजूद रहे। नगर थाना क्षेत्र की सविहा खातून ने उनके बैंक खाता से सीएसपी संचालक के द्वारा 10 हजार रुपए अवैध तरीके से निकाल लेने की शिकायत दर्ज कराई। इसके आलोक में एसपी ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। बताया कि एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक ने उनके खाता से पैसों की निकासी कर ली है। एसपी ने उक्त ग्राहक सेवा केंद्र को काली सूची में डलवाने सहित आगे की कार्रवाई के लिए भी निर्देशित किया।
एसडीपीओ संजय कुमार पांडे ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्र का संचालक वर्तमान में जेल में है और इस मामले में उसे रिमांड पर लिया जाएगा। कार्यक्रम में सबसे ज्यादा मामले भूमि विवाद के पहुंचे। देवेंद्र कुमार यादव ने शिकायत की कि उन्होंने एक लाख रुपए की सामग्री एक महिला सिपाही को दी थी। इसके बदले उन्हें 50 हजार रुपए मिले और शेष पैसे नहीं मिले हैं। पैसे मांगने पर केस में फंसाने की धमकी दी जाती है। एसपी ने जांच का निर्देश दिया। दानी बीघा मुहल्ले में शराब बिकने की शिकायत हुई। एसपी ने तत्काल सेक्टर पदाधिकारी समीर कुमार को बुलाया और उक्त व्यक्ति से जानकारी लेकर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। मुफस्सिल थाना कांड संख्या-465/25 के आलोक में दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने कहा कि केस करने के बाद उसे कुचलने का प्रयास किया गया है। सर्किल इंस्पेक्टर को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। औरंगाबाद के मो. मुस्लिम ने केस में फंसाने की शिकायत की। सदर प्रखंड के फेसर के रणविजय दुबे ने कहा कि उनके पुत्र को एससी-एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत गलत तरीके से मुकदमे में फंसाया गया है। सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडे, नगर परिषद के अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर फहीम आजाद खान, प्रभारी नगर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, एसआई अनित कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित अखौरी, अमित गुप्ता, वार्ड पार्षद सुनील कुमार उर्फ छोटू चौधरी, वार्ड पार्षद रंजय अग्रहरि, सिकंदर हयात, भाजपा नेता जितेंद्र गुप्ता, सुनील कुमार उपस्थित थे। पंजी-2 में जिस रैयत का नाम, उसी को माना जाएगा मालिक: एसपी संवाद कार्यक्रम में जमीन विवाद के सर्वाधिक मामले पहुंचे। लगभग 30 से 35 मामले यहां सुने गए। एसपी ने कहा कि पंजी-2 में जिस रैयत के नाम से जमीन अंकित होगी, उसका ही मालिकाना हक माना जाएगा। यदि किसी सक्षम न्यायालय का आदेश मिलता है तो उसके आलोक में कार्रवाई होगी। एसपी ने कहा कि यदि जमीन से संबंधित दाखिल खारिज की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है, रसीद कट गई है, पंजी-2 में रैयत का नाम दर्ज है तभी उसे असली मालिक माना जाएगा। इसमें सक्षम न्यायालय के आदेश को भी देखा जाएगा। औरंगाबाद के बराटपुर मुहल्ला के शमशेर आलम ने शिकायत की कि उन्हें कुछ लोग धमकी दे रहे हैं। कार्रवाई नहीं हो रही है। सब इंस्पेक्टर सचिन कुमार से भी पूछताछ की गई तो पता चला कि उन्होंने जांच की थी। विवाद नहीं करने का निर्देश दिया गया। बराटपुर के शंकर चौधरी ने कहा कि उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। एसपी ने कहा कि जांच के बाद इसमें कार्रवाई होगी। नगर थाना क्षेत्र के अदरी नदी के किनारे रह रहे लोगों ने शिकायत की थी कि उन्हें विस्थापित किया जा रहा है। यहां 30 से 35 मकान हैं और उनका मकान तोड़ा जा रहा है। एसपी ने इस मामले में डीएम से मिलने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुनर्वास आदि का मामला जिला प्रशासन का है। औरंगाबाद नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर भी निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि नगर परिषद की टीम के साथ स्थानीय पुलिस रहेगी और अतिक्रमण करने वाले लोगों का सामान जब्त कर थाना में रखा जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




