
महाबोधि मंदिर में जासूसी की कोशिश; चश्मे में हिडन कैमरे से ली फोटो, हिरासत में 3 युवक
संक्षेप: बेंगलुरु निवासी 35 वर्षीय विश्वा ने अपने चश्मे में हिडन कैमरा लगा रखा था, जिससे वह महाबोधि मंदिर की तस्वीरें ले रहा था। मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने विश्वा और उसके दो अन्य साथियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर उनकी पृष्ठभूमि का पता लगा रही है।
विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में रविवार को चश्मे में लगे गुप्त कैमरे से फोटोग्राफी करने के आरोप में तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बेंगलुरु निवासी 35 वर्षीय विश्वा ने अपने चश्मे में हिडन कैमरा लगा रखा था, जिससे वह महाबोधि मंदिर की तस्वीरें ले रहा था। मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने विश्वा और उसके दो अन्य साथियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर उनकी पृष्ठभूमि का पता लगा रही है। दो अन्य युवकों में एक यूपी और दूसरा दिल्ली का निवासी है।

तीनों युवक मंदिर घूमने आए थे। जांच में पाया गया कि युवक के चश्मे में हिडन कैमरा फिट था। मंदिर परिसर में प्रवेश के दौरान वह डीएफएमडी जांच पार कर गया, लेकिन प्रथम परिक्रमा पथ से मुख्य मंदिर की ओर बढ़ते समय उसने कैमरे से फोटो खींचना शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मियों को संदेह हुआ तो उसे रोककर पूछताछ की गई, जिसके बाद मामला सामने आया।
मंदिर के केयरटेकर भिक्षु डॉ. दीनानंद ने बताया कि महाबोधि मंदिर परिसर में फोटोग्राफी पूर्णत: प्रतिबंधित है। युवक ने दावा किया कि उसे इस नियम की जानकारी नहीं थी और वह केवल घूमने आया था। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने युवक को बोधगया थाना पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कैमरा युक्त चश्मा और मोबाइल फोन जब्त कर तकनीकी जांच कराई जा रही है। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह दिल्ली होते हुए दुबई जाने वाला था।





