Hindi NewsBihar Newsattack on rjd bjp and congress for fake in bihar election
Bihar Election: राजद, भाजपा और कांग्रेस सहित 25 सोशल मीडिया हैंडल पर केस; भड़काऊ पोस्ट का आरोप

Bihar Election: राजद, भाजपा और कांग्रेस सहित 25 सोशल मीडिया हैंडल पर केस; भड़काऊ पोस्ट का आरोप

संक्षेप:

Bihar Election: उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब तक 25 सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रकाशित-प्रसारित 67 आपत्तिजनक लिंक की शिकायत पर एफआईआर हुई है। इन पर आचार संहिता के उल्लंघन, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।

Thu, 30 Oct 2025 06:11 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share Share
Follow Us on

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की कड़ी निगरानी हो रही है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की सोशल मीडिया पेट्रोलिंग सेल 24 घंटे कार्यरत है। इस सेल को मिली शिकायत के आधार पर अब तक राजद, भाजपा, कांग्रेस सहित 25 सोशल मीडिया हैंडलों पर आपत्तिनजक, भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में 21 एफआईआर दर्ज कराई गई है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

ईओयू के एडीजी नैयर हसनैन खान और डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बुधवार को प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब तक 25 सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रकाशित-प्रसारित 67 आपत्तिजनक लिंक की शिकायत पर एफआईआर हुई है। इन पर आचार संहिता के उल्लंघन, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। इन मामलों की जांच ईओयू और विभिन्न जिलों के स्तर से की जा रही है।

ये भी पढ़ें:जीतन राम मांझी की पार्टी के बिहार अध्यक्ष पर हमला, ईंट से अटैक; प्रचार में बवाल

भड़काऊ गीत फैलाने वाले चार यू्-ट्यूब चैनलों पर भी एफआईआर

डीआईजी एमएस ढिल्लन ने बताया कि इनके अलावा चार यू-ट्यूब चैनलों पर विभिन्न समुदायों में भय, वैमनस्य एवं विद्वेष फैलाने से संबंधित सामग्री मिली हैं। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली इन सामग्रियों के प्रसारण को लेकर इन यूट्यूब चैनलों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस बाबत उन्होंने बताया कि अब तक 184 आपत्तिजनक पोस्ट या हैंडल्स या लिंक के खिलाफ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब समेत अन्य को नोटिस भेजकर इन आपत्तिजनक पोस्टों को हटवाया या लॉक कराया गया है।

एआई से बने वीडियो की जांच को अलग डेस्क

डीआईजी ने बताया कि इस चुनाव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किए गए फेक वीडियो और डीपफेक कंटेंट के मामले काफी सामने आ रहे हैं। इनकी जांच को लेकर अलग डेस्क बनाई गई है। ऐसे 117 पोस्ट हटाए गए, जबकि छह एफआईआर दर्ज की गयी। विवादित पोस्ट हटाने के बाद भी आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले चैनलों के लिंक या वेबपेज को ब्लॉक करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। ऐसे 145 सोशल मीडिया हैंडल्स या प्रोफाइल की पहचान की गई है, जिन्हें निरंतर निगरानी में रखा गया है। इनमें सोशल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के 40 हैंडल्स, 28 यू-ट्यूब चैनल्स एवं डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा 77 विभिन्न सोशल मीडिया प्रोफाइल शामिल हैं।

अक्टूबर में 249 मोबाइल किए गए ब्लॉक

एडीजी नैयर हसनैन खान ने बताया कि अक्तूबर में अब तक सात कुख्यात (अब तक 171) साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 249 मोबाइल नंबर भी ब्लॉक किए गए हैं। सिम ब्लॉकिंग की प्रक्रिया जिलों से भी करायी जा रही है। अगस्त में 199 म्यूल बैंक खातों को संदिग्ध पाते हुए इससे संबंधित विभिन्न जानकारी एकत्र की गई है।

ये भी पढ़ें:बिहार के मुजफ्फरपुर और सीवान में गरजेंगे PM मोदी, चुनाव से पहले ताबड़तोड़ प्रचार
Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।