बिहार में चोरों के निशाने पर एटीएम! अब सीवान में ATM काटकर 27 लाख की चोरी
सीवान जिले के हुसैनगंज थाना इलाके में चोरों ने एटीएम काटकर 27 लाख रुपए चोरी कर लिए। दो दिन पहले ही ATM में कैश भरा गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बिहार में एटीएम लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। अब सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के टेढ़ीघाट बाजार स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को काटकर सोमवार की रात 27 लाख 32 हजार रुपये की चोरी करने की बात सामने आयी है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया गया है कि टेढ़ीघाट बाजार स्थित हाजी गुलाम अरशद कॉम्प्लेक्स में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक एटीएम मशीन का संचालन किया जाता है। सोमवार की रात चोरों ने शातिराना ढंग से इसमें चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। इस घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब सुबह बाजार की दुकानों को खोलना शुरू किया। इसके बाद यह खबर धीरे-धीरे अन्य लोगों तक पहुंच गयी।
सीवान चैनल मैनेजर समेत एटीएम वेंडर के अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंचे और जांच - पड़ताल शुरू की। अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर एटीएम मशीन को काटा होगा,इसके बाद इसके अंदर रखे कैश को निकाला होगा। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच की रही है। बैंक से संबंधित कर्मियों द्वारा बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद 112 की टीम से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं हो सकी। इस कारण, मौके पर पुलिस की टीम काफी देर बाद पहुंची।
पुलिस की जांच में पता चला है कि दो दिन पहले एटीएम मशीन में 27 लाख रुपये भरा गया था। इसके बाद कितने रुपये की निकासी हुई है और कितना शेष है,इसकी सही जानकारी शाम तक नहीं हो सकी है। वहीं एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि टेढ़ीघाट में एटीएम मशीन से रुपये चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि, कितने रुपये की चोरी की गयी है इसकी सही जानकारी अबतक नहीं मिल सकी है। बैंक की ओर से बताया गया है कि दो दिन पहले 27 लाख रुपये एटीएम में भरा गया था।





